उज्जैन, 4 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में पिछले चार दिनों से चली आ रही किसानों की हड़ताल के मद्देनजर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को उज्जैन में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों से चर्चा की और प्याज आठ रुपये प्रति किलो खरीदने और समर्थन मूल्य पर मूंग की खरीदी का भरोसा दिलाया। वहीं कई आंदोलनकारी किसान संगठन इस बातचीत में शामिल नहीं हुए।
भारतीय किसान संघ के संगठन मंत्री शिवकांत दीक्षित ने संवाददाताओं को बताया, “मुख्यमंत्री चौहान ने किसानों की सभी मांगे मान ली हैं। प्याज आठ रुपये प्रति किलो की दर से खरीदी जाएगी, मूंग की खरीदी समर्थन मूल्य पर होगी, किसानों पर दर्ज केस वापस लिए जाएंगे। साथ ही अन्य मांगों पर भी चर्चा की। मुख्यमंत्री के आश्वासन पर किसान संघ ने आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है।”
मुख्यमंत्री ने यह भी आश्वासन दिया है कि किसानों की मंडी में बेची गई उपज की 50 प्रतिशत राशि नगद और शेष आरटीजीएस के जरिए बैंक खातों में भेजी जाएगी। अभी तक भुगतान चेक से होता था, जिससे किसानों को परेशानी होती थी।
ज्ञात हो कि राज्य में भारतीय किसान यूनियन, किसान सेना सहित अन्य किसान संगठन अगल-अलग स्थान पर चार दिन से आंदोलन कर रहे हैं, किसान संघ शुरुआत में आंदोलन के साथ नहीं था मगर शनिवार को उसने इस आंदोलन का समर्थन किया। संघ का नाता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से है।
भारतीय किसान संघ ने तो आंदोलन को स्थगित करने का ऐलान कर दिया, वहीं अन्य संगठन अब भी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। कर्ज माफी, फसल के उचित दाम सहित अन्य मांगों को लेकर एक जून से किसान हड़ताल पर हैं, रविवार को चौथा दिन है, यह हड़ताल 10 जून तक चलेगी।
dharmpath.com dharmpath