भोपाल, 24 अगस्त (आईएएनएस)। सावन के अंतिम सोमवार को मध्य प्रदेश के शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हर तरफ सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठानों का दौर जारी है।
सावन मास में सोमवार को भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है। मान्यता है कि सावन के सोमवार को उपवास रहने व पूजा अर्चना करने से मनोकमना पूरी होती है। इसी मान्यता के चलते सोमवार को विशेष पूजा-अर्चना का दौर चलता है।
सावन मास के अंतिम सोमवार को अलस्सुबह से ही शिवालयों में भक्तों का तांता लगा हुआ है। उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर में देश के विभिन्न स्थानों पर पहुंचे श्रद्धालु ‘भस्मारती’ में शामिल हुए और पूजा-अर्चना की। महाकाल का पंचामृत से स्नान कराने के बाद विशेष श्रृंगार किया गया है।
राजधानी भोपाल के शिवालयों से लेकर भोजपुर के शिव मंदिर, मंदसौर के पशुपतिनाथ मंदिर व खजुराहो के मतंगेश्वर मंदिर सहित अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। श्रद्धालु शिवलिंग को बिल्वपत्र, धतूरे के पुष्प और फल चढ़ाकर मनोकामना पूरी करने की कामना कर रहे हैं। वहीं विभिन्न स्थानों की नदियों का जल लेकर पहुंच रहे कांवड़िए जलाभिषेक कर रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath