वैश्विक संकट से बचने को निरंतर सुधार जरूरी : जेटली

नई दिल्ली, 24 अगस्त (आईएएनएस)। शेयर बाजारों में भारी गिरावट के बीच केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली ने सोमवार को कहा कि वैश्विक आर्थिक संकट से बचने के लिए जरूरी है कि हम सुधार पथ पर बढ़ना जारी रखें।

सीमा शुल्क, उत्पाद शुल्क और सेवाकर के मुख्य आयुक्तों और महानिदेशकों के सम्मेलन में जेटली ने कहा, “आज हम अनेक चुनौतियों से जूझ रहे हैं। पिछले पखवाड़े चीन की मुद्रा के अवमूल्यन से पूरी दुनिया का बाजार प्रभावित हुआ था। इसका क्षणिक असर हम पर भी पड़ा।”

उन्होंने कहा, “वैश्विक (आर्थिक) समस्याओं के प्रति हमारा जवाब यह है कि हम अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत करते रहें। हमने जो अपने लिए रास्ता तय किया है, उस पर हमें और दृढ़ता से बढ़ना है।”

बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स सोमवार को 5.94 फीसदी या 1624.51 अंकों की गिरावट के साथ 25,741.56 पर बंद हुआ।

यह अब तक की सबसे बड़ी गिरावट है।

इससे पहले 21 जनवरी 2008 को सेंसेक्स 7.4 फीसदी या 1,408 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ था।

वस्तु एवं सेवार कर (जीएसट) के बारे में जेटली ने कहा, “इसमें कोई शक नहीं कि आखिरकार हर व्यक्ति, राज्य और राजनीतिक पार्टियों को जीएसटी को स्वीकार करना होगा।”

उन्होंने कहा, “इसलिए इसे जल्द से जल्द लागू किया जाना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493