भोपाल, 1 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित हाइयर सेकेंडरी यानी 12वीं की बोर्ड परीक्षा के पहले दिन मंगलवार को 296 नकलची पकड़े गए। इस परीक्षा में साढ़े सात लाख से ज्यादा परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं।
मंडल के जनसंपर्क अधिकारी एस.के. चौरसिया द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, परीक्षा के पहले दिन मुरैना में 27, भिंड में 212, छतरपुर में तीन, पन्ना में चार, सागर में दो, शहडोल में दो, सिंगरौली में एक, देवास में छह, राजगढ़ में पांच, सीहोर में दो, विदिशा में दो, रायसेन में एक, बैतूल में पांच, जबलपुर में तीन, कटनी में तीन, नरसिंहपुर में 15, डिंडौरी में निरीक्षण दलों द्वारा नकल के तीन प्रकरण बनाए गए हैं।
मंडल कार्यालय से दी गई जानकारी में बताया गया है कि हाइयर सेकेंडरी परीक्षा की शुरुआत विशिष्ट हिंदी के प्रश्नपत्र से हुई है। इस परीक्षा के लिए 3835 केंद्र बनाए गए हैं, इनमें से 945 संवेदन और अतिसंवेदनशील केंद्र है। यहां सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। इस परीक्षा में सात लाख 70 हजार से ज्यादा परीक्षार्थी सम्मिलित हो रहे हैं।
मंडल ने नकल को रोकने के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। परीक्षा केंद्रों के बाहर पेटियां रखी गई हैं, परीक्षा केंद्र में प्रवेश से पहले परीक्षार्थी नकल को पेटी में डाल सकेगा, परीक्षा केंद्र में नकल पाए जाने पर परीक्षार्थी की परीक्षा निरस्त कर दी जाएगी। वहीं छात्राओं की तलाशी सिर्फ महिला शिक्षक ही ले सकेंगी।
वहीं बोर्ड द्वारा हाईस्कूल की परीक्षा दो मार्च (बुधवार) से शुरू होगी। इस परीक्षा में 12 लाख से अधिक परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। इस परीक्षा को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए मंडल ने पुख्ता इंतजाम किए हैं।
dharmpath.com dharmpath