ममता ने गांधी पर टिप्पणी के लिए शाह की निंदा की

जलपाईगुड़ी, 10 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह की महात्मा गांधी के बारे में विवादित टिप्पणी को ‘अनैतिक तथा दुर्भाग्यपूर्ण’ करार देते हुए पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को कहा कि शाह को अपनी टिप्पणी फौरन वापस लेनी चाहिए और राष्ट्रपिता को अपमानित करने के लिए माफी मांगनी चाहिए।

ममता ने यहां संवाददाताओं से कहा, “महात्मा गांधी देश के राष्ट्रपिता हैं और दुनिया के आदर्श हैं। हम उनके बारे में इस तरह की अनुचित भाषा का इस्तेमाल नहीं कर सकते। यह अनैतिक, दुर्भाग्यपूर्ण तथा अनावश्यक है।”

उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि इस तरह के बयान को फौरन वापस लेना चाहिए और माफी मांगनी चाहिए।”

ममता ने हालांकि कहा कि केवल माफी मांगने से मुद्दा खत्म नहीं होगा। उन्होंने कहा, “उन्होंने (शाह) एक अंतर्राष्ट्रीय गलती की है।”

ममता ने कहा कि राजनीतिज्ञों को जिम्मेदारी पूर्वक अपनी भाषा पर नियंत्रण रखने आना चाहिए, क्योंकि वे सार्वजनिक वक्ता हैं। उन्होंने इस बारे में ट्वीट भी किया।

उन्होंने ट्वीट किया, “सार्वजनिक जीवन में जब हम अपने देश के आदर्शो के बारे में बातें करते हैं, तो हमें उनके प्रति अत्यंत आदर और भाषा में संवेदनशीलता दर्शानी चाहिए।”

अमित शाह ने रायपुर में शुक्रवार को एक जनसमूह को संबोधित करते हुए महात्मा गाधी को ‘चतुर बनिया’ कहा था।

शाह ने कहा था, “कांग्रेस किसी एक विचारधारा या सिद्धांत पर आधारित पार्टी नहीं है, आजादी प्राप्त करने का एक स्पेशल पर्पज व्हीकल, आजादी प्राप्त करने का एक साधन था। इसीलिए महात्मा गांधी दूरदर्शी थे, वह एक बहुत चतुर बनिया थे। उनको मालूम था कि क्या होने वाला है, उन्होंने आजादी के बाद तुरंत कहा था कि कांग्रेस को भंग कर देना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493