कोलकाता, 2 नवंबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भोपाल केंद्रीय कारागार से फरार प्रतिबंधित स्टूडेंट इस्लामिक मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के कार्यकर्ताओं के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने के मध्य प्रदेश पुलिस के दावे को बुधवार को खारिज कर दिया।
ममता ने ट्वीट किया, “हम तथाकथित ‘मुठभेड़’ की कहानी से इत्तेफाक नहीं रखते। लोगों के दिमाग में कई तरह के अनुत्तरित सवाल उठ रहे हैं।”
मध्य प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जेल से फरार हुए सिमी के आठ कार्यकर्ताओं के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने की घटना पर संदेह जताने को लेकर कांग्रेस व अन्य विपक्षी दलों को आड़े हाथ लिया है। भाजपा ने कहा है कि विपक्षी दल सुरक्षा बलों का मनोबल गिरा रहे हैं।
मध्य प्रदेश पुलिस तथा आतंकवाद रोधी दस्ते ने सोमवार सुबह भोपाल केंद्रीय कारागार से कथित तौर पर फरार हुए सिमी के आठ कार्यकर्ताओं को मुठभेड़ में मार गिराया था। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी (आप) तथा वाम दलों ने मुठभेड़ पर गंभीर सवाल उठाए हैं।
ममता ने कहा, “यह सब राजनीतिक बदले की भावना के तहत किया जा रहा है। इस तरह के मुद्दों से मुझे देश की एकता व अखंडता को लेकर गंभीर चिंता होती है।”
dharmpath.com dharmpath