ममता, मोदी पूरे विपक्ष को खत्म करना चाहते हैं : राहुल (लीड-1)

नियामतपुर(पश्चिम बंगाल), 2 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों पूरे विपक्ष को खत्म करना चाहते हैं।

राहुल ने कहा कि दोनों ही अकेले अपनी सरकार चलाना चाहते हैं। इसके साथ ही राहुल ने जनता से पश्चिम बंगाल चुनाव में वाम मोर्चा-कांग्रेस गठबंधन को वोट देने का आग्रह किया।

गांधी ने पूर्वी राज्य में अपनी पहली चुनावी रैली में कहा, “दिल्ली में, नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री हैं और कांग्रेस पूरे देश में उनके खिलाफ लड़ रही है।”

राहुल ने मोदी पर ‘लोकतंत्र समाप्त’ करने के प्रयास का आरोप लगाया। गांधी ने कहा, “अरुणाचल प्रदेश में उन्होंने पैसे देकर हमारी सरकार गिरा दी। उत्तराखंड में भी उन्होंने वही किया। क्योंकि वह चाहते हैं कि भारत में केवल एक ही नेता रहे – नरेंद्र मोदी।”

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मोदी चाहते हैं कि पूरे देश में नागपुर (आरएसएस) की विचारधारा चले और इससे विपरीत किसी भी विचारधारा को वह कुचलने की कोशिश करते हैं।

राहुल ने कहा कि मोदी देशभर में जो कर रहे हैं, ममता पश्चिम बंगाल में वही कर रही हैं।

राहुल ने कहा, “वह भी एक ही व्यक्ति का एकाधिकार चाहती हैं।”

राहुल यहां बर्दवान जिले में एक रैली को संबोधित कर रहे थे।

राहुल ने कहा, “मैं संसद में उनके (ममता के) सांसदों से मिलता हूं, वह कहते हैं कि तृणमूल में केवल एक ही व्यक्ति का वर्चस्व है। वह मुझे बताते हैं, ‘जो हम सोचते हैं, जो हम चाहते हैं, वह मायने नहीं रखता, उस पर ध्यान नहीं दिया जाता।’ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता भी यही कहते हैं।”

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर ममता पर निशाना साधते हुए राहुल ने शारदा घोटाले और नारदा न्यूज पोर्टल के कथित स्टिंग ऑपरेशन का मुद्दा उठाया, जिसमें तृणमूल के कई नेताओं को रिश्वत लेते दिखाया गया था।

राहुल ने कहा कि जब कांग्रेस ने तृणमूल के साथ मिलकर सरकार बनाई थी, तब दोनों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ने का वादा किया था।

राहुल ने कहा, “लेकिन जब देश का सबसे बड़ा शारदा घोटाला सामने आया तो ममता जी ने उसके खिलाफ कुछ नहीं कहा। उनकी पार्टी के लोगों ने साफतौर पर रिश्वत ली थी। स्टिंग ऑपरेशन में उनकी पार्टी के लोगों को रिश्वत लेते दिखाया गया, लेकिन ममता जी चुप हैं।”

राहुल ने कहा कि कांग्रेस-वाम मोर्चा ‘एक व्यक्ति’ की सरकार नहीं चलाएंगे।

उन्होंने कहा, “वह जनता की सरकार होगी। वह गरीबों और आम लोगों की सरकार होगी। आदिवासियों, दलितों और कमजोर वर्गो की सरकार होगी।”

वाम मोर्चा के साथ गठबंधन के कारण के बारे में राहुल ने कहा कि उन्होंने राज्य कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं की मर्जी के हिसाब से ऐसा किया है।

राहुल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वाममोर्चा के कार्यकर्ताओं का साथ देने को कहा।

उन्होंने कहा, “मैंने आपकी सभी बातें मानी हैं। अब आप वाममोर्चा के कार्यकर्ताओं का हाथ थामिए और ममता जी और तृणमूल कांग्रेस को हराकर बंगाल में गठबंधन सरकार लाइए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493