ममता विभाजन की राजनीति का रास्ता छोड़ें : विहिप

कोलकाता, 11 अप्रैल (आईएएनएस)। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने मंगलवार को पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को ‘अपने तरीके में सुधार लाने’ की चेतावनी दी। विहिप ने ममता पर हिंदुओं को बांटने और उन पर अत्याचार करने व मुस्लिमों के बीच अलगाव फैलाने का आरोप लगाया।

विहिप के अंतर्राष्ट्रीय संयुक्त महासचिव सुरेंद्र कुमार जैन ने कहा, “कोई मायने नहीं रखता कि आप कितने मामले दर्ज करती हैं, यह मायने नहीं रखता कि कितने लोगों को आप गिरफ्तार करती हैं, हिंदू नहीं रुकेंगे और वे पीटे नहीं जाएंगे। हम उन्हें (ममता) चुनौती और चेतावनी देते हैं आप अपना तरीका बदलिए। यदि आप ऐसा नहीं करती हैं तो बंगाल के लोग ज्यादा समय के लिए ममता को स्वीकार नहीं करेंगे (जो जेहादियों से लगाव दिखाती हैं)।”

उन्होंने कहा, “उनके (ममता) पास इमामों के वेतन वृद्धि के लिए समय था। इमाम उनके दिल के करीब हैं, जबकि हिंदू पंडित उनके प्रिय नहीं हैं। ऐसा लगता है जैसे बंगाल में औरंगजेब का शासन है। उन्होंने राम के नाम से घृणा किया। यहां तक कि उन्होंने रामधेनु शब्द को बदलकर रंगधेनु कर दिया। मुझे लगता है कि वह उन लोगों का भी नाम बदल देंगी जिनका नाम राम के नाम पर रखा गया है।”

विहिप पर रामनवमी के भव्य समारोह और जुलूस के दौरान बच्चों के हाथों में हथियार देने के ममता के आरोप पर जैन ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस प्रमुख बाल अधिकार संरक्षण आयोग का दुरुपयोग कर रही हैं।

उन्होंने कहा, “मुहर्रम जुलूस में हथियारों को भांजा जाता है तो आप सिर्फ राम नवमी को कैसे कह सकती हैं। आप को उन तस्वीरों को देखना चाहिए, जिसमें मुहर्रम के दौरान बच्चे हथियार लिए हैं, कैसे ईद के दिन बच्चे बकरी का वध करते हैं। क्या यह बाल अधिकारों का हनन नहीं है। क्या आप इसे नहीं देखतीं? तक आप खामोश क्यों रहती हैं।”

विहिप द्वारा ध्रुवीकरण को बढ़ावा देने के आरोप पर जैन ने ममता बनर्जी पर ध्रुवीकरण में शामिल होने को लेकर निंदा की।

जैन ने कहा, “आप इमाम का वेतन बढ़ा सकती हैं, आप मालदा में हिंसा के अपराधियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज नहीं करेंगी। आप मुर्हरम के कारण दुर्गा पूजा विसर्जन की अवधि को कम करेंगी, क्या यह ध्रुवीकरण नहीं है। आप देश के खिलाफ, बंगाल और हिंदुओं के खिलाफ ध्रुवीकरण में शामिल हैं।”

विहिप पर धार्मिक राजनीति के ध्रुवीकरण के आरोपों को खारिज करते हुए जैन ने ममता पर बंगाल में हिंदुओं और मुसलमानों के बीच ‘बांटों और राज करो’ की नीति पर उंगली उठाई।

जैन ने कहा, “वह अलगाववाद पैदा कर मुस्लिम समाज के साथ अन्याय कर रही हैं। उन्होंने बख्तियार खिलजी को बंगाल के मुस्लिमों के लिए आदर्श बना दिया है।”

उन्होंने कहा, “तुष्टीकरण की राजनीति के कारण उन्होंने कट्टरवाद को बढ़ावा दिया है। आप ने हिंदू समाज को बांटा है। आप ने हिंदू और मुसलमान को बांटने से पहले कट्टरवाद को बढ़ावा दिया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493