कुआलालंपुर, 8 अगस्त (आईएएनएस)। मलेशिया ने आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) से जुड़े होने के संदेह में 68 नागरिकों के पासपोर्ट रद्द कर दिए हैं। उन्हें धमकी दी गई है देश वापस लौटने पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गृहमंत्री अहमद जाहिद ने सोमवार को कहा, “अब उन संदिग्धों के पास मलेशियाई नागरिक के तौर पर यात्रा दस्तावेज नहीं है और अगर वे देश वापस लौटते हैं तो आव्रजन कानून के तहत उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।”
जाहिद ने कहा कि खुफिया रपटों के आधार पर प्रधानमंत्री नजीब रजाक ने दो सप्ताह पहले यह फैसला किया था।
‘मलेशियन स्टार’ की रपट के मुताबिक, उन्होंने कहा कि इन लोगों के साथ कोई बातचीत नहीं की जाएगी, क्योंकि सरकार देश में ‘वैचारिक अपराधी’ नहीं चाहती।
जाहिद ने कहा कि दो मलेशियाई परिवारों ने आईएस से जुड़ने के लिए सीरिया जाने से पहले अपनी संपत्ति बेच दी थी। आईएस ने उन्हें सफाई कर्मचारी के रूप में नियुक्त किया है। अब वे वापस लौटना चाहते हैं, लेकिन सरकार ऐसे लोगों को मलेशियाई नहीं मानती और उनका साथ नहीं देना चाहती, जिन्होंने देश को धोखा दिया है।
मलेशियाई गृह मंत्रालय के मुताबिक, फरवरी 2013 से अब तक देश में 220 से भी ज्यादा जिहादियों को हिरासत में लिया जा चुका है और 132 मलेशियाई अब भी इराक और सीरियाई क्षेत्रों में लड़ रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath