मलेशिया : प्रधानमंत्री ने मंत्रिमंडल में फेरबदल किया (लीड-1)

कुआलालंपुर, 28 जुलाई (आईएएनएस)। मलेशिया के प्रधानमंत्री नजीब रजाक ने मंगलवार को मंत्रिमंडल में फेरबदल की घोषणा की। उन्होंने मुहयिद्दीन यासीन की जगह अहमद जाहिद हामिदी को अपना नया डिप्टी नियुक्त किया है।

पुत्राजया में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए नजीब ने कहा कि इस फेरबदल से 14वें आम चुनाव से पहले देश को संभालने में चुनौतियों का सामना करने के लिए मंत्रिमंडल को मजबूती मिलेगी।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने नजीब के हवाले से कहा कि मंत्रिमंडल में फेरबदल के फैसले के लिए राजनीतिक विचारों और प्रशासनिक जरूरतों पर ध्यान दिया गया है।

उन्होंने कहा कि मुहयिद्दीन को हटाने का फैसला काफी मुश्किल था, लेकिन मंत्रिमंडल को संगठित रखने के लिए यह आवश्यक था।

उन्होंने कहा, “मैं निर्णय लेने की प्रक्रिया के तहत मतों और आलोचनाओं में मतभेद को स्वीकार कर सकता हूं, लेकिन विचारों में इन मतभेदों को खुले में सबके समक्ष नहीं रखा जाना चाहिए क्योंकि इससे सरकार की छवि पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।”

2013 के आम चुनाव के बाद पहली बार मंत्रिमंडल में फेरबदल किया गया है। यह फेरबदल ऐसे समय में हुआ है, जब नजीब पर गबन के आरोप लगे हैं।

समाचार पत्र ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ ने कर्ज से दबी हुई निवेश कंपनी 1एमडीबी से संबंधित 70 करोड़ डॉलर की राशि नजीब के निजी खाते में स्थानांतरित होने की खबर छापी थी।

नजीब ने व्यक्तिगत लाभ के लिए कोई भी सार्वजनिक धनराशि स्वीकारने के आरोपों से इंकार किया है, और इस संबंध में उनकी कानूनी टीम वॉल स्ट्रीट जर्नल पर कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रही है।

कुछ स्थानीय विश्लेषकों का मानना है कि यदि नजीब पद छोड़ते हैं तो मुहयिद्दीन उनकी जगह ले सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493