रांची, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। मलेशिया में बंधक 38 श्रमिकों की स्वदेश वापसी के लिए झारखंड ने केंद्र सरकार से मदद की गुहार लगाई है। ये सभी मजदूर राज्य के गिरिडीह जिले के हैं।
मुख्यमंत्री रघुबर दास के प्रधान सचिव संजय कुमार ने आईएएनएस से कहा, “हमने विदेश मंत्रालाय से संपर्क किया है और मलेशिया में बंधक श्रमिकों के बारे में जानकारी दी। एक विधायक द्वारा मुख्यमंत्री के सामने मामला लाया गया था और उनसे इस मामले में कार्रवाई करने का आग्रह किया गया था।”
कुमार ने कहा, “हमने विदेश मंत्रालय के अधिकारियों से कुआलालंपुर स्थित दूतावास से संपर्क करने और श्रमिकों को मुक्त कराने के लिए जरूरी कार्रवाई करने का आग्रह किया है।”
इस वर्ष जून में 38 श्रमिकों को एक कंपनी में रोजगार दिलाने के लिए मलेशिया ले जाया गया था। श्रमिकों के रिश्तेदारों के मुताबिक उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए और उन्हें तय राशि का भुगतान नहीं किया गया।
गरीबी से पीड़ित लोग रोजगार की तलाश में झारखंड से बाहर पलायन कर जाते हैं। इनमें महिलाएं भी शामिल हैं। पलायन, राज्य के प्रमुख मुद्दों में से एक है।
dharmpath.com dharmpath