महबूबा होंगी जम्मू एवं कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री उम्मीदवार (लीड-1)

श्रीनगर, 24 मार्च (आईएएनएस)। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की सांसद महबूबा मुफ्ती जम्मू एवं कश्मीर की पहली महिला मुख्यमंत्री होंगी। उन्हें गुरुवार को पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया।

पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) विधायकों की निर्णायक बैठक में गुरुवार को महबूबा मुफ्ती (56) को पार्टी विधायक दल का नेता चुन लिया गया। इस तरह उनके राज्य की पहली महिला मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। इससे पहले उनके पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद मुख्यमंत्री थे, जिनका जनवरी में निधन हो गया।

एक सूत्र ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता मुजफ्फर हुसैन बेग ने विधायक दल के नेता के लिए महबूबा के नाम का प्रस्ताव दिया, जिसका अब्दुर रहमान वीरी ने समर्थन किया।

इस बैठक से पहले महबूबा गुरुवार को कब्रगाह पहुंचीं और अपने दिवंगत पिता मुफ्ती मोहम्मद सईद की कब्र पर प्रार्थना की।

महबूबा अगर मुख्यमंत्री बनती हैं तो उन्हें विधानसभा या विधानपरिषद में से किसी एक का सदस्य बनना होगा और लोकसभा सीट से इस्तीफा देना पड़ेगा।

महबूबा दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सदस्य हैं।

महबूबा के पिता व मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद के दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन के बाद से जम्मू एवं कश्मीर में निर्वाचित सरकार नहीं है।

पिता के निधन के तुरंत बाद ही महबूबा के मुख्यमंत्री बनने की अटकलें लगाई गईं, लेकिन उन्होंने भाजपा के साथ गठबंधन बरकरार रखने को लेकर लोगों को संशय में डाल दिया।

दो महीने तक संशय बरकरार रहने के बाद गठबंधन के दोनों साझेदार सरकार गठन को लेकर तैयार हुए, जिसके बाद महबूबा ने मंगलवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493