महाराष्ट्र में रेजिडेंट चिकित्सकों की हड़ताल, चिकित्सा सेवा प्रभावित

मुंबई, 2 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में सरकारी तथा नगर निगम मेडिकल कॉलेज-सह-अस्पतालों के करीब 4,000 रेजिडेंट चिकित्सक गुरुवार को अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए, जिससे चिकित्सा सेवा गंभीर रूप से प्रभावित हुई है।

महाराष्ट्र एसोसिएशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स (एमएआरडी) के नेतृत्व में हड़ताल 10 बड़ी मांगों को लेकर की गई है। इसके उपाध्यक्ष अमित लोंपे ने कहा कि इन मांगों में अनुबंध की अवधि, छुट्टी तथा वजीफा भी शामिल है।

लोंपे ने आईएएनएस को बताया, “हम गर्भवती महिला चिकित्सक या टीबी से पीड़ित चिकित्सक को दो महीने की वेतन सहित छुट्टी देने की मांग कर रहे हैं। हमारी यह भी मांग है कि किसी खास क्षेत्र में स्नातकोत्तर करने वाले को उनके अनुबंध के दौरान उसी विभाग में तैनात किया जाए।”

एमएआरडी के प्रतिनिधियों ने अपने अध्यक्ष सागर मुंडाडा के नेतृत्व में राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विनोट तावड़े के साथ पिछले माह बैठक की थी, जिसमें इन मुद्दों पर चर्चा की गई। मंत्री ने मांगों को पूरा करने का मौखिक आश्वासन भी दिया था।

लोंपे ने हालांकि कहा कि आज भी उन लंबित मुद्दों पर कोई प्रगति नहीं हुई है, जिसके कारण उन्होंने हड़ताल बुलाई। रेजीडेंट चिकित्सकों की हड़ताल के कारण 14 सरकारी चिकित्सा कॉलेज-सह-अस्पताल और बृह्णमुंबई नगर निमग संचालित तीन अस्पतालों में चिकित्सा कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

एमएआरडी ने दावा किया है कि मेडिकल शिक्षा विभाग ने 12 जून को हुई बैठक में उनकी 10 में से सिर्फ चार मांगों को पूरा करने की बात कही थी।

सरकारी तथा नगर निगम के अस्पतालों में ओपीडी, आपातकालीन सेवा, सर्जरी और नियमित प्रक्रिया प्रभावित हुई है और फिलहाल जूनियर डॉक्टर सेवाएं दे रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493