महिला कांग्रेस का भाजपा कार्यालय पर प्रदर्शन, कटियार से माफी की मांग

नई दिल्ली, 27 जनवरी (आईएएनएस)। महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को यहां भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और कहा कि प्रियंका गांधी वाड्रा के खिलाफ ‘लैंगिकवादी’ टिप्पणी करने के लिए भाजपा नेता विनय कटियार माफी मांगें।

कांग्रेस द्वारा उत्तर प्रदेश चुनावों में प्रियंका गांधी को स्टार प्रचारक बनाए जाने की घोषणा के बाद कटियार ने बुधवार को कहा था कि उनकी पार्टी में उनसे ज्यादा ‘सुंदर’ चेहरे प्रचारक के तौर पर हैं।

कांग्रेस नेता बरखा सिंह शुक्ला की अगुवाई में सैकड़ों महिला कार्यकर्ताओं ने अशोक मार्ग स्थित भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और नारे लगाए।

बरखा ने संवाददाताओं से कहा, “कटियार को इस पर शर्म महसूस होनी चाहिए, (प्रधानमंत्री) मोदी को इस पर शर्म महसूस होनी चाहिए। कटियार को माफी मांगनी चाहिए।”

उन्होंने कहा, “हम महिलाएं भारतीय आबादी के 50 फीसदी हिस्से का प्रतिनिधित्व करती हैं।”

उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की भाषा किसी कांग्रेस नेता ने इस्तेमाल की होती तो पार्टी अध्यक्ष उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई करतीं।

भाजपा नेताओं पर निशाना साधते हुए बरखा ने कहा, “क्या वे इसी तरह की भाषा अपने परिवार में महिला सदस्यों के लिए बोलते हैं? क्या उनके परिवार में माताएं और बहनें नहीं हैं?”

प्रियंका को स्टार प्रचारक बनाए जाने पर भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने हाल ही में विवाद को जन्म दे दिया। कटियार ने मीडिया से कहा, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ने जा रहा है। हमारे पास ज्यादा सुंदर महिलाएं और हिरोइन स्टार प्रचारक के तौर पर हैं।”

कटियार की यह टिप्पणी जनता दल युनाइटेड के नेता शरद यादव की इसी तरह की एक लैंगिकवादी टिप्पणी के एक दिन बाद आई है।

जद (यू) सांसद ने बिहार में कहा था कि एक वोट की इज्जत बेटी की इज्जत से बड़ी होती है।

यादव ने कहा, “यदि किसी बेटी की इज्जत गई तो केवल इलाके व गांव की ही इज्जत जाएगी। लेकिन यदि कोई वोट बिक गया तो देश की इज्जत चली जाएगी।”

शरद यादव की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए बरखा ने कहा, “उन्हें अब घर पर बैठना चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493