नेल्सन (न्यूजीलैंड), 22 नवंबर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम ने रविवार को सैक्स्टन ओवल मैदान पर हुए तीसरे अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मैच में श्रीलंका को नौ विकेट से हरा दिया।
इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की महिलाओं ने तीन मैचों की श्रृंखला भी 3-0 से अपने नाम कर ली।
टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण का फैसला करते हुए किवी गेंदबाजों ने बेहद कसी हुई गेंदबाजी की और श्रीलंकाई टीम निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट गंवाकर मात्र 86 रन बना सकी।
जवाब में न्यूजीलैंड के लिए एमी सैटरथ्वेट (33) और रशेल प्रीस्ट (नाबाद 37) ने बेहतरीन पारियां खेलते हुए मात्र 9.2 ओवरों में जीत हासिल कर ली। सैटरथ्वेट के रूप में न्यूजीलैंड का एकमात्र विकेट गिरा।
इससे पहले श्रीलंका के लिए दिलानी मनोदरा ने 23 रनों की सर्वोच्च पारी खेली, जबकि छह श्रीलंकाई महिला बल्लेबाज दहाई तक भी नहीं पहुंच सकीं।
न्यूजीलैंड के लिए थामसिन न्यूटन ने सर्वाधिक तीन विकेट चटकाए, जबकि लेफ कास्पेरेक को दो विकेट मिले। श्रीलंका के दो विकेट रन आउट हो गिरे।
dharmpath.com dharmpath