नई दिल्ली, 13 फरवरी (आईएएनएस)। भारतीय नौसेना के प्रसिद्ध नौकायन पोत महादेई ने अंतर्राष्ट्रीय फ्लीट रिव्यू 2016 में भागीदारी करने के बाद शनिवार को चेन्नई बंदरगाह में प्रवेश किया। इस पोत के कप्तान समेत पूरा चालक दल भारतीय नौसेना की महिला अधिकारी ही हैं।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, पहली बार महिला नौसेना अधिकारियों को किसी पोत की पूरी कमान सौंपी गई है। इस नौकायन पोत ने नौ फरवरी को विशाखापट्टनम से प्रस्थान किया था और अपने गृह बंदरगाह गोवा पहुंचने से पहले इसका मार्ग में चेन्नई और कोच्चि में रुकने का कार्यक्रम है।
नौसैनिक वास्तुकार, लेफ्टिनेंट कमांडर वर्तिका जोशी को आठ फरवरी, 2016 को इस महादेई पोत की वापसी यात्रा शुरू होने से ठीक पहले किसी पोत की पहली महिला कप्तान नियुक्त किया गया था। इस पोत के चालक दल में लेफ्टिनेंट पी. स्वाति, प्रतिभा जामवाल (एयर ट्रैफिक कंट्रोल विशेषज्ञ), विजया देवी और सब-लेफ्टिनेंट पायल गुप्ता (दोनों शिक्षा अधिकारी) शामिल हैं। इस दल की छठी सदस्य लेफ्टिनेंट बी. ऐश्वर्य एक इंजीनियर हैं और उनके अगले महीने इस पोत में शामिल होने की संभावना है।
बयान के अनुसार, महादेई पोत अपनी वापसी यात्रा में चेन्नई बंदरगाह पर 13 से 16 फरवरी तक और कोच्चि में 23 से 26 फरवरी तक रुकेगा और दो मार्च को गोवा वापस पहुंच जाएगा। पहली बार नौसेना के महासागर में नौकायन करने वाले पोत का समस्त चालक दल महिलाओं का बनाया गया है। चालक दल की सभी सदस्य स्वैच्छिक हैं और साहसिक कार्य के लिए जुनून और समुद्रों में नौकायन के प्रति अपने प्यार से प्रेरित हैं।
dharmpath.com dharmpath