गुरुग्राम, 2 मार्च (आईएएनएस)। अमनदीप द्राल ने हीरो वुमंस प्रोफेशनल गोल्फ टूर के पांचवें चरण के टूर्नामेंट के दूसरे दिन गुरुवार को 4 अंडर 68 का स्कोर करते हुए बढ़त हासिल कर ली।
क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में चल रहे टूर्नामेंट के दूसरे दिन अमेरिकी खिलाड़ी वलाइलाक सटाराक ने 5 अंडर 67 का सर्वश्रेष्ठ स्कोर किया।
तीन वर्ष से लगातार हीरो ऑर्डर ऑफ मेरिट विजेता दिल्ली की वाणी कपूर और गौरिका बिश्नोई, सटाराक के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहीं।
सटाराक, वाणी और गौरिका का दूसरे दिन के बाद ओवरऑल स्कोर समान रूप से 141 है। वे अमनदीप से दो शॉट से पीछे चल रही हैं।
अमनदीप के लिए हालांकि दूसरे राउंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। वह पहले ही होल पर बोगी खेल बैठीं। लेकिन नौवें होल तक उन्होंने तीन बर्डी लगाए। ये तीनों बर्डी उन्होंने तीसरे, चौथे और नौवें होल पर लगाए। इस बीच आठवें होल पर वह एक और शॉट चूकीं।
मध्यांतर के बाद अमनदीप ने और सुधार करते हुए तीन और बर्डी लगाए और एक भी शॉट नहीं चूकीं। 10वें, 15वें और 17वें होल पर बर्डी लगाते हुए अमनदीप ने शीर्ष स्थान हासिल किया।
चौथा चरण जीतने वाली वाणी ने संभलकर खेलते हुए मध्यांतर तक बिना एक भी शॉट चूके दो बर्डी हासिल किए। मध्यांतर के बाद लेकिन वाणी ज्यादा संभलकर खेलने के प्रयास में खास नहीं कर सकीं। 13वें होल पर बोगी और 18वें होल पर बर्डी लगाते हुए उन्होंने दो अंडर के स्कोर के साथ दिन का समापन किया।
पहले दिन शीर्ष स्थान हासिल करने वाली गौरिका का दिन औसत रहा। वह दूसरे होल पर बोगी खेल बैठीं, हालांकि पांचवें होल पर बर्डी लगाते हुए उन्होंने मध्यांतर तक पार स्कोर बनाए रखा। मध्यांतर के बाद भी गौरिका ने दो बोर्गी (10वें और 16वें होल पर) और दो बर्डी (12वें और 17वें होल पर) लगाए और पार 72 का स्कोर हासिल किया।
गैर-पेशेवर गुरजोत बडवाल और देश की अंतर्राष्ट्रीय खिलाड़ी शर्मिला निकोलेट ने संयुक्त रूप से पांचवां स्थान हासिल किया। दोनों का ओवरऑल स्कोर 146 है।
गुरजोत ने दो बोर्गी और चार बर्डी लगाते हुए दूसरे राउंड में दो अंडर 70 का स्कोर किया, जबकि शर्मिला पूरे दिन एक भी बर्डी हासिल नहीं कर सकीं और दूसरे होल पर लगाई बोगी ने उन्हें 1 ओवर 73 के साथ दिन का समापन करने के लिए मजबूर किया।
जयपुर की अफसाना फातिमा (147) सातवें, गैर-पेशेवर खिलाड़ी त्वेशा मलिक (148) आठवें, गुरसिमर बडवाल (149) नौवें और अंकिता तिवाना (152) 10वें स्थान पर हैं।
dharmpath.com dharmpath