महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मप्र होगा आदर्श राज्य : शिवराज

भोपाल, 26 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि महिला सश्क्तिकरण राज्य सरकार का मिशन है और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में मध्य प्रदेश को देश का आदर्श राज्य बनाया जाएगा।

शिवराज ने मंगलवार शाम राजधानी भोपाल में कामकाजी महिलाओं के लिए छह करोड़ रुपये की लागत से बन रही ‘महिला वसति गृह’ के शिलान्यास समारोह में कहा कि जरूरत पड़ी तो और भी महिला वसति गृहों का निर्माण कराया जाएगा। महिला वसति गृह राज्य के दूर दराज के इलाकों से आनेवाली कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित एवं सुविधाजनक आश्रय उपलब्ध कराएगा।

महिला पंचायत में की गई घोषणाओं को जल्द पूरा करने का संकल्प दोहराते हुए शिवराज ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए प्रदेश में सबसे ज्यादा काम हुए हैं। स्थानीय निकाय में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था जबकि 56 प्रतिशत पदों पर महिलाएं निर्वाचित हुईं और शासन-प्रशासन की बागडोर संभाल रही हैं।

उन्होंने कहा कि जब तक शासन की बागडोर महिलाओं के हाथ में नहीं दी जाएगी, तब तक महिला सशक्तिकरण अधूरा रहेगा। उन्होंने पुलिस बल में 33 प्रतिशत पद महिलाओं के लिए आरक्षित करने का प्रस्ताव जल्द ही पेश करने के निर्देश मुख्य सचिव को दिए।

वहीं, महिला-बाल विकास मंत्री माया सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज ने अपने एजेंडे में महिला सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा है। उन्होंने बताया कि राजधानी भोपाल के बाद अब इसी तरह के वसति गृह इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर शहरों में भी बनाए जाएंगे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493