हेस्टिंग्स (न्यूजीलैंड), 14 अप्रैल (आईएएनएस)। मजबूत रक्षा पंक्ति का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए भारतीय महिला हॉकी टीम मंगलवार को हॉक्स बे कप के पूल-ए के अपने आखिरी मैच में आस्ट्रेलिया को 0-0 से बराबरी पर रोकने में कामयाब रही।
पिछले दो मैचों में मिली हार के बाद भारतीय महिलाओं इस बार बेहतर खेल दिखाया और प्रतिद्वंद्वी टीम के कई प्रयासों को विफल किया।
पहले क्वार्टर में आस्ट्रेलिया को दो पेनाल्टी कार्नर मिले लेकिन दोनों ही मौकों पर भारतीय रक्षा पंक्ति ने उसके प्रयासों को नाकाम किया।
दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय महिलाओं का शानदार प्रदर्शन जारी रहा और एक मौके पर अनुराधा थाकचोम शानदार मूव बनाते हुए आस्ट्रेलिया के ‘डी’ में दाखिल होने में कामयाब रही लेकिन उस मौके को गोल में नहीं बदल सकीं।
भारतीय टीम को मैच का पहला पेनाल्टी कार्नर तीसरे क्वार्टर में मिला लेकिन इसका भी नतीजा सिफर रहा। चौथे और आखिरी क्वार्टर में दोनों ओर से तेज हॉकी देखने को मिली लेकिन मैच गोलरहित समाप्त हुआ।
भारतीय टीम अब क्वार्टर फाइनल में गुरुवार को न्यूजीलैंड का सामना करेगी। वहीं चीन का मुकाबला जापान से होगा। आठ देशों की इस टूर्नामेंट के अन्य दो क्वार्टर फाइनल आस्ट्रेलिया और अर्जेटीना तथा अमेरिका और न्यूजीलैंड के बीच खेले जाएंगे।
dharmpath.com dharmpath