मानव तस्करी पर सम्मेलन 7 अक्टूबर को, राजनाथ उद्घाटन करेंगे

नई दिल्ली, 30 सितम्बर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह सात अक्टूबर को नई दिल्ली में मानव तस्करी पर एक राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।

गृह मंत्रालय द्वारा आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में मानव तस्करी से जुड़े राज्यों के अधिकारी, विभिन्न जिलों में स्थापित मानव तस्करी रोकने के लिए गठित इकाई (एएचटीयू) के अधिकारी, अन्य संबधित मंत्रालयों और विभाग, गैर सरकारी संगठन और इस क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ भाग लेंगे।

यहां जारी एक बयान में कहा गया है कि सम्मेलन में मानव तस्करी से जुड़े मुद्दों और चुनौतियों और इस समस्या से अधिक प्रभावी रूप से निपटने पर विचार-विमर्श किया जाएगा।

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्यों और संघ शासित प्रदेशों को जनवरी 2015 में, खोए हुए बच्चों को छुड़ाने और उन्हें उनके परिवार से मिलाने के लिए देश भर में ‘आपरेशन स्माइल’ चलाने की राय दी थी।

बयान के अनुसार, इस अभियान से प्रोत्साहित होकर गृह मंत्रालय ने जुलाई 2015 में देशभर में एक और विशेष अभियान ‘आपरेशन मुस्कान’ की शुरू की। इन दोनों अभियानों में उन्नीस हजार से अधिक खोए हुए बच्चों को सुरक्षित बचाया गया।

सम्मेलन के दौरान ‘आपरेशन स्माइल’ में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालों को गृहमंत्री द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493