नई दिल्ली, 20 जुलाई (आईएएनएस)। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता दयाशंकर सिंह की टिप्पणी की निंदा की और उसे ‘शर्मनाक’ कहा।
केजरीवाल ने कहा कि मोदी सरकार के शासन में देशभर में दलितों के प्रति अत्याचार बढ़ गए हैं।
केजरीवाल ने ट्विटर पर कहा, “यह (भाजपा नेता की टिप्पणी) शर्मनाक है। महिलाओं के खिलाफ भाजपा के अपशब्द और धमकियां ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों माध्यमों पर बेरोकटोक चलती रहती हैं।”
उत्तर प्रदेश की भाजपा इकाई के उपाध्यक्ष दयाशंकर सिंह ने बसपा अध्यक्ष के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी।
मायावती ने सिंह को भाजपा से निष्कासित किए जाने की मांग की है।
केजरीवाल ने हाल ही में दलितों के खिलाफ अत्याचारों को लेकर भी भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
केजरीवाल ने एक अन्य ट्वीट में कहा, “भाजपा के शासन में दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार तेजी से बढ़े हैं।”
dharmpath.com dharmpath