डाक बंगले में पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। साथ ही सपा पर परिवारवाद का आरोप मढ़ा और बसपा को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी बताया।
कृष्णा राज ने कहा कि हरदोई जनपद से उनका बेहद लगाव है। उन्होंने कहा, “जनपद की सीमा से लगे शाहजंहापुर से होने के नाते मैं एक केंद्रीय मंत्री के तौर पर शाहजंहापुर के विकास के लिए जो कर सकती हूं या करूंगी, उसका लाभ हरदोई के लोगों को भी मिलेगा।”
नरेंद्र मोदी के ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’ नारे को लेकर जब पत्रकारों ने केंद्रीय मंत्री पर सवाल दागे तो वह असहज हो गईं।
कृष्णा राज ने कहा कि केंद्र की योजनाओं के क्रियान्वयन का जिम्मा प्रदेश सरकारों के पास है और प्रदेशों में अन्य दलों की सरकारें होने के कारण केंद्रीय योजनाओं का लाभ ठीक से व सही समय पर गरीब जनता को नहीं मिल पा रहा है। इसलिए देश के सभी राज्यों में भाजपा की सरकार का होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जिस दिन केंद्र सहित देश के सभी राज्यों में भाजपा की सरकार होगी, उस दिन प्रधानमंत्री मोदी का ‘सबका साथ, सबका विकास’ का सपना साकार होगा और देश की जनता को अच्छे दिनों का अहसास होना शुरू हो जाएगा।
सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव पर तीखा कटाक्ष करते हुए केंद्रीय मंत्री ने उन्हें परिवारवाद के जनक की संज्ञा दी और कहा कि प्रदेश में एक ओर सत्तारूढ़ दल के मुखिया अपने परिवार के सदस्यों में मंत्री पद और लालबत्ती रेवड़ियों की तरह बांट रहे हैं तो वहीं बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती दौलत की बेटी बनकर बसपा को एक ‘प्राइवेट लिमिटेड कंपनी’ की तरह चला रही हैं।
कृष्णा ने कहा कि जब से केंद्र में नरेंद्र भाई मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनी है, तब से देश के एक राज्य को छोड़कर देश के किसी भी राज्य में कहीं भी कोई आतंकी वारदात नहीं हुई है।
कश्मीर में लगातार जारी हिंसा व सुरक्षाबलों द्वारा मारे गए आतंकी बुरहान वानी के जनाजे को राज्य की मंजूरी दिए जाने संबंधी सवाल का जवाब देते हुए कृष्णा राज ने कहा कि देश की सेना आतंकवाद व आतंकवादियों के सफाए में पूरी पर सक्षम है। बुरहान वानी के जनाजे को मंजूरी देना जम्मू-कश्मीर सरकार का विषय है। इसका जबाव कश्मीरी सरकार के नुमाइंदे को देना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath