मारुति वेतन समझौता : कामगारों का वेतन 16800 रुपये बढ़ेगा (लीड-1)

नई दिल्ली, 25 सितम्बर (आईएएनएस)। देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड के गुड़गांव और मनेसर परिसरों में कामगारों और प्रबंधकों के बीच वेतन समझौता हो गया है। इस समझौते के मुताबिक कामगारों का वेतन औसत 16,800 रुपये बढ़ेगा।

समझौते की प्रक्रिया छह महीने से चल रही थी।

एक सूत्र ने आईएएनएस को बताया कि इस दौरान कंपनी के तीनों कर्मचारी संघों -मारुति उद्योग कामगार संघ, मारुति सुजुकी कामगार संघ और मारुति सुजुकी पॉवर ट्रेन कामगार संघ- और प्रबंधकों के बीच 40 बैठकें हुईं। गुरुवार रात हुए समझौते में कर्मचारियों के वेतन में औसत 16,800 रुपये प्रति माह वृद्धि करने की सहमति बनी है।

मारुति उद्योग कामगार संघ के महासचिव कुलदीप जंघू ने आईएएनएस से कहा, “गुड़गांव और मनेसर दोनों संयंत्रों के श्रमिक संघों, जिसमें मारुति सुजुकी पॉवर ट्रेन भी शामिल है, का पिछली रात प्रबंधन से समझौता हो गया।”

उन्होंने कहा कि समझौते के मुताबिक, यह वृद्धि तीन साल में (एक अप्रैल, 2015 से 31 मार्च, 2018 के बीच) लागू की जाएगी। यह वृद्धि प्रथम वर्ष में 50 फीसदी और बाद के दो वर्षो में 25-25 फीसदी लागू की जाएगी। पिछले महीनों के बकाए का भुगतान इस महीने के अंत तक कर दिया जाएगा।

सूत्र ने बताया कि जो कर्मचारी कंपनी की बस सुविधा का इस्तेमाल नहीं करते, उन्हें सात साल तक हर महीने 2,000 रुपये परिवहन भत्ते के तौर पर दिए जाएंगे।

जंघू ने कहा कि कंपनी के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी काइची आयुकावा ने समझौता पूरा होने की खुशी में कर्मचारियों को 3000 रुपये उपहार देने की भी घोषणा की है। यह राशि एक बार दी जाएगी।

उल्लेखनीय है कि कंपनी ने सितंबर 2012 को हुए समझौते के तहत कामगारों को वेतन 18 हजार रुपये बढ़ाया था। उसे भी तीन वर्षो में चरणबद्ध तरीके से लागू किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493