लखनऊ, 15 मार्च (आईएएनएस)। कर्ज मामले में फंसे शराब कारोबारी और राज्यसभा सांसद विजय माल्या के देश से बाहर जाने संबंधी खबरों के आने के बाद इलाहाबाद के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन पर 10 लाख रुपये इनाम की घोषणा की है।
कांग्रेस की जिला इकाई के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को सुभाष गोलचक्कर तथा अन्य क्षेत्रों में तख्ती, बैनर और पोस्टर लेकर जुलूस निकाले, जिसमें युनाइटेड ब्रुअरीज समूह के अध्यक्ष विजय माल्या को इनामी राशि के साथ एक डाकू की तरह पेश किया गया।
मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सिविल लाइंस क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर पोस्टर चिपकाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर माल्या को भगाने में मदद करने का आरोप लगाया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि वे दूसरे स्थानों पर भी यह मुद्दा उठाएंगे और काले धन पर प्रधानमंत्री के दोमुंहे बयान को जगजाहिर करेंगे।
सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कहा है कि वे इस मुद्दे को बड़े पैमाने पर उठाएंगे और मोदी सरकार को कठघरे में खड़ा करेंगे।
dharmpath.com dharmpath