मासूम के यौन व शारीरिक उत्पीड़न मामले में मां गिरफ्तार

कोलकाता, 23 जुलाई (आईएएनएस)। लगातार यौन व शारीरिक उत्पीड़न का शिकार होने के बाद अस्पताल में दम तोड़ने वाली तीन साल की मासूम बच्ची की मां को उसके खिलाफ हुए अपराध में कथित मिलीभगत के लिए गिरफ्तार किया गया है। इस बच्ची के शरीर को सुइयों से छेदा गया था।

पुलिस ने कहा, “बच्ची पर जुल्म में मुख्य आरोपी की मदद के आरोप में मंगला गोस्वामी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया। उसे दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है।”

पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले की इस बच्ची को गंभीर हालत में बीते हफ्ते यहां एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बच्ची की मां को अपने घर में नौकरानी का काम देने वाले एक बूढ़े सनातन ठाकुर ने इस बच्ची को कथित रूप से सुइयों से गोद दिया था।

पुलिस ने मासूमों को यौन उत्पीड़न से बचाने वाले पोस्को कानून के तहत ठाकुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है लेकिन अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है।

बच्ची पर होने वाले जुल्म की जानकारी तब सामने आई जब उसकी मां उसे बांकुड़ा के अस्पताल में खांसी-नजले के इलाज के लिए ले गई थी। लेकिन, चिकित्सकों ने उसके शरीर पर कई जख्मों के निशान पाए जिनमें से कुछ सुइयों से किए गए थे।

बच्ची को फिर एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसके शरीर से सात सुइयों को निकाला। लेकिन, उसकी हालत बिगड़ती गई और 21 जुलाई को उसकी मौत हो गई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493