मुंबई : घायल अग्निशमन अधिकारी की मौत

मुंबई, 14 मई (आईएएनएस)। देश की आर्थिक राजधानी में शनिवार को एक इमारत में लगी आग को बुझाने के क्रम में घायल हुए मुंबई फायर ब्रिगेड के उप प्रमुख एस.जी.अमीन ने गुरुवार शाम को दम तोड़ दिया। वे 80 फीसदी तक झुलस गए थे। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) आपदा नियंत्रण के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि अमीन नवी मुंबई के नेशनल बर्न सेंटर में छह दिनों तक जीवन की लड़ाई लड़ते रहे, लेकिन शाम चार बजे उनकी सांसें थम गई।

भीड़भाड़ वाले कलबादेवी इलाके में गोकुल निवास नामक इमारत में शनिवार को लगी आग को बुझाने के दौरान अमीन तथा मुख्य अग्निशमन अधिकारी सुनील नेसारिकर घायल हो गए थे।

अमीन (49) वर्तमान में उप मुख्य दमकल अधिकारी थे, जिन्हें उनकी बहादुरी के लिए राष्ट्रपति से गोल्ड मेडल मिला था।

नेसारिकर 50 फीसदी तक झुलस गए हैं और एनबीसी में उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

अमीन की मौत के साथ ही इस घटना में मारे जाने वाले लोगों की संख्या तीन हो गई है। आग बुझाने के दौरान लापता हुए दो अग्निशमन कर्मचारी एम.एम.देसाई तथा एस.डब्ल्यू राणे का शव रविवार सुबह को इमारत के मलबे से मिला। इमारत बाद में ढह गया था।

इसके साथ ही बीएम ने गोकुल निवास घटना मामले की जांच के आदेश दिए हैं, जिसे तीन सप्ताह के अंदर पूरा करना है। साथ ही उपचारात्मक उपाय करने के लिए आग के खतरे वाले सभी इमारतों का एक माह के अंदर अंकेक्षण करने का आदेश दिया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493