मुंबई में करोड़ों की डकैती डालने वाले 2 गिरफ्तार (फोटो सहित)

एसटीएफ के एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने बताया, “उप्र एसटीएफ और मुंबई क्राइम ब्रांच पुलिस ने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर इलाहाबाद पुलिस की मदद से कर्लनगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मी टॉकीज चौराहे के पास से महाराष्ट्र के थाणे निवासी शंकर रामचंद्र तेलंगे और फिरोज शेख को गिरफ्तार किया। दोनों बदमाश मुंबई के थाना-वासी क्षेत्र में अदरक कारोबारी अरुण मेकुदाले के घर दिनदहाड़े दो करोड़ नौ लाख रुपये नकदी और जेवरात की डकैती में शामिल थे।”

उन्होंने बताया कि मुंबई के थाणे वेस्ट पाचपरवाड़ी रोजाविला निवासी शंकर रामचंद्र ठेकेदारी करता था। वहीं थाणे के मुंब्रा में रहने वाला फिरोज शेख बालू का व्यवसाय करता था। नोटबंदी के दौरान उनका काफी पैसा डूब गया था। इसके चलते दोनों आर्थिक तंगी से जूझ रहे थे।

अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया, “एक दिन उसकी परिचित महिला अनीता मसाने ने बताया कि वासी निवासी अदरक कारोबारी अरुण मेकुदाले के पास काफी पैसा है। उसके घर सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा है। इस पर फिरोज ने कारोबारी के घर में लूट का प्लान बनाया और अपने साथी सुभाष से चर्चा की। इस लूट में सुभाष, दानिश, शनि, मुन्ना, दिनेश और उमर को साथ लेकर दोनों कारोबारी के घर पहुंचे। वहां कारोबारी मौजूद था तो प्लान फेल हो गया।”

उन्होंने बताया, “दो दिन बाद 27 अक्टूबर को सभी लोग दो कार से खुशी नामक लड़की को कूरियर गर्ल बनाकर साथ ले गए। कूरियर गर्ल ने जैसे ही दरवाजा खुलवाया, सभी लोग भीतर घुस गए और घर में रखे दो करोड़ रुपये व जेवरात लेकर भाग निकले। सभी लोग एक ठिकाने पर पहुंचे और पैसे का बंटवारा किया तो फिरोज व शंकर के हिस्से में 37-37 लाख रुपये आए।”

इसी बीच मुंबई पुलिस ने सुभाष पाटिल, मुन्ना, खुशी, शनि और अनीता मसाने को गिरफ्तार करते हुए 55 लाख रुपये बरामद कर लिया। इसकी जानकारी होने पर शंकर व फिरोज मुंबई से भाग निकले और अपनी रकम का कुछ हिस्सा लेकर वह लोग अपने एक परचित से मिलने इलाहाबाद आए थे, जहां उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

दोनों अभियुक्तों को कर्नलगंज थाना में दाखिल किया गया है। मुंबई पुलिस अब रिमांड पर दोनों अभियुक्तों को मुंबई ले जाएगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493