मुंबई, 9 जून (आईएएनएस)। मुंबई में मॉनसून शनिवार को आधिकारिक रूप से पहुंच गया और महानगर व महाराष्ट्र के अन्य भागों में तेज बारिश से दो लोगों की मौत हो गई और हवाई सेवा, उपनगरीय रेल प्रणाली और सड़क यातायात में व्यवधान उत्पन्न हुआ।
भारतीय मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में महानगर और उपनगरीय इलाकों में गरज के साथ भारी बारिश का अनुमान जताया है। वहीं विभाग ने सोमवार तक कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश की आशंका जताई है।
यहां इमारत ढहने की कम से कम दो घटनाएं हुई हैं और ठाणे व आसपास के इलाकों में कई जगहों पर पानी जमा होने की खबर है। यहां एक व्यक्ति की मौत करंट लगने और एक की आकाशीय बिजली गिरने से हो गई।
दक्षिण मुंबई के फोर्ट इलाके में आग से तबाह एक इमारत के एक हिस्से के अचानक ढह जाने से कम से कम दो दमकलकर्मी घायल हो गए।
वहीं मध्य मुंबई के प्रभादेवी में शुक्रवार देर रात एक चार मंजिला मकान की छत ढहने से चार लोग मामूली रूप से घायल हो गए।
बारिश से मुंबई हवाईअड्डे पर विमान सेवा प्रभावित हुई। जेट एयरवेज ने अपराह्न् तीन बजे तक खराब मौसम की वजह से विमानों के उड़ान भरने में 40 मिनट की देरी और आगमन में 20 मिनट की देरी की घोषणा की।
बृहन्मुंबई नगर निगम ने कहा कि दोपहर तक दक्षिण मुंबई में 33.10 मिलीमीटर और उपनगरीय इलाकों में 33.80 मिलीमीटर की बारिश दर्ज की गई। अधिकतर जगहों पर लगातार बारिश हो रही है।
मध्य मुंबई के दादर पूर्व, परेल, सायन, किंग्स सर्किल और आसपास के इलाकों में पानी जमा होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ और जाम से बचने के लिए मार्ग परिवर्तित किए गए हैं।
मध्य रेलवे की उपनगरीय रेल सेवा 15 मिनट देरी से चल रही है, वहीं पश्चिमी रेलवे की रेल सेवा अबाधित रही।
तटवर्तीय जिलों सिंधुदुर्ग, रत्नागिरि, रायगढ़, ठाणे, पालघर में भी भारी बारिश हुई। यहां बारिश होने से पिछले कई हफ्तों से उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिली है।
dharmpath.com dharmpath