मुंबई, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। एक निजी हेलीकॉप्टरके रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर आग पकड़ लेने से पायलट की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। दुर्घटना मुंबई के उपनगरीय इलाके गोरेगांव में हुई।
बृहन मुंबई नगरपालिका के आपदा नियंत्रण ने कहा कि अमन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर रॉबिन्सन आर-44 मुंबई के ऊपर पर्यटन उड़ान पर था। दोपहर करीब 12.15 बजे अचानक आरे मिल्क कॉलोनी के पास यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया और इसमें आग लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलोनी के पास की आदिवासी बस्तियों के सैकड़ों लोग और अन्य बस्तियों के लोग पीड़ितों की मदद करने पहुंचे। घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियां भी पहुंचीं।
लोगों और पुलिस कर्मियों ने पीड़ितों को जलते हुए हेलीकॉप्टर से निकाला और अंधेरी पूर्व के सेवन हिल्स अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल के अधिकारी ने कहा कि पायलट प्रफुल कुमार मिश्रा को मृत घोषित कर दिया गया है। एक सह-पायलट और एक महिला सहित दो यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
dharmpath.com dharmpath