मुंबई, 10 मई (आईएएनएस)। फिल्म नगरी में एक इमारत में लगी आग बुझाने गए मुंबई फायर ब्रिगेड के दो अग्निशमन कर्मियों की शनिवार रात जलकर मौत हो गई। यह जानकारी रविवार को एक अधिकारी ने दी।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने रविवार को घटना की एक उच्चस्तरीय जांच कराने की घोषणा की। तीन सप्ताह के अंदर रपट सौंपी जाएगी।
बीएमसी आपदा नियंत्रण के एक अधिकारी ने बताया कि अग्निशमन कर्मी एम.एन. देसाई और एस.डब्ल्यू. राणे शनिवार देर शाम एक इमारत में लगी आग बुझाने गए थे। दोनों का तभी से कोई अता-पता नहीं था।
अधिकारी ने कहा कि देर रात करीब 12.30 बजे इमारत के मलबे में उनके बुरी तरह जले शव बरामद हुए। शव 80 फीसदी से अधिक झुलस चुके थे।
उनके अलावा, आग की वजह से मुंबई के प्रमुख अग्निशमन अधिकारी सुनील नेसरिकर और अन्य वरिष्ठ अधिकारी एस.जी. अमीन भी गंभीर रूप से झुलस गए।
नेसरिकर लगभग 50 फीसदी झुलस गए हैं, खासकर उनका चेहरा।
उन्हें शुरुआती उपचार के बाद नवी मुंबई स्थित नेशनल बर्न्स सेंटर में शिफ्ट कर दिया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है।
अमीन की स्थिति हालांकि गंभीर बताई जा रही है और वह जीवन और मौत से जूझ रहे हैं। वे 80 फीसदी तक झुलस गए हैं।
ये अधिकारी शनिवार शाम दक्षिणी मुंबई के कालबादेवी इलाके में स्थित 50 साल पुरानी गोकुल निवास इमारत में लगी आग बुझाने गए थे।
इमारत के अंदर फंसे एक महिला सहित चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था। आग को देखते हुए एहतिहात के तौर पर आसपास की कई अन्य इमारतों को खाली करा लिया गया था।
आग बुझाने के दौरान इमारत के कई हिस्से भरभराकर गिर पड़े, जिनमें देसाई व राणे दब गए।
सात घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका।
मृतक सहित सभी चार अग्निशमन कर्मियों ने साल 2008 के दौरान दक्षिण मुंबई के विभिन्न हिस्सों में हुए हमलों में बेहतरीन भूमिका निभाई थी।
अमीन (49) वर्तमान में उप मुख्य दमकल अधिकारी हैं, जिन्हें उनकी बहादुरी के लिए राष्ट्रपति से गोल्ड मेडल मिल चुका है।
मुंबई से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद किरीट सोमैया घायल अग्निशमन कर्मियों से मिले और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को हर तरह की मदद करने के लिए कहा।
नगर निगम आयुक्त अजय मेहता तथा अन्य शीर्ष अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल का दौरा किया और मृतकों के परिजनों को एक सप्ताह के भीतर मुआवजा और घायल अग्निशमन कर्मियों को बेहतरीन चिकित्सा सुविधा देने के प्रति आश्वस्त किया।
dharmpath.com dharmpath