मुद्दा विहीन कांग्रेस ओछी राजनीति कर रही : तोमर

सतना, 1 नवंबर (आईएएनएस)। केन्द्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने बुधवार को यहां कांग्रेस पर आरोपों और दुष्प्रचार की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस मुद्दा विहीन है, निराशा व हताशा के दौर से गुजर रही है, इसलिए उसके नेता ओछी राजनीति कर रहे हैं।

मध्यप्रदेश के सतना जिले के चित्रकूट विधानसभा क्षेत्र में हो रहे उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए तोमर ने कहा, “भाजपा का मुख्य एजेंडा विकास है और उसी पर वोट मांग रहे हैं, वहीं कांग्रेस आरोपों और दुष्प्रचार की राजनीति कर रही है।”

उन्होंने आगे कहा, “कांग्रेस का विकास में कोई भरोसा नहीं है। अगर कांग्रेस का विकास पर भरोसा होता, तो चित्रकूट क्षेत्र की तस्वीर बदल गई होती, क्योंकि इस क्षेत्र से 50 साल कांग्रेस के प्रत्याशी जीते हैं।”

उन्होंने कहा, “प्रदेश में भाजपा की सरकार है। शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री हैं। वह गांव, किसानों सहित हर वर्ग की चिंता करते हैं। मोदी सरकार गांव, गरीब, किसानों, नौजवानों को समर्पित रहती है। इसके लिए कई योजनाएं बनाई गई हैं।”

उन्होंने कहा, “इतिहास में पहली बार 4400 करोड़ रुपये प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के माध्यम से किसानों को मध्यप्रदेश में मिले हैं। किसानों की माली हालत सुधरे, इसके लिए प्रदेश की शिवराज सिंह सरकार और केंद्र सरकार प्रतिबद्घ है। कांग्रेस के जमाने में इंदिरा आवास योजना चलती थी। कभी कभार एक व्यक्ति को ही घर मिलता था, लेकिन मोदी सरकार ने यह तय किया है कि 2022 तक गांव में रहने वाले प्रत्येक व्यक्ति को मकान देंगे और 2019 तक हम एक करोड़ लोगों को घर देंगे।”

तोमर ने कहा, “कांग्रेस ने लंबे समय तक देश में राज किया, परन्तु शिक्षा, सड़क, बिजली सहित देश के विकास पर ध्यान नहीं दिया। कांग्रेस ने भ्रष्टाचार को पोषित करने का काम किया। कोयला एवं हवा की तरंगों में भी एक-एक लाख करोड़ रुपये का भ्रष्टाचार किया। आज देश के राजनीतिक चित्र पर कांग्रेस की हालत बहुत खराब है।”

इस मौके पर सांसद गणेश सिंह, पार्टी प्रत्याशी शंकरदयाल त्रिपाठी, प्रदेश महामंत्री विष्णुदत्त शर्मा ने भी सभा को संबोधित किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493