नई दिल्ली, 7 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद के निधन पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को शोक जताया। उन्होंने कहा कि सईद के निधन से देश और जम्मू एवं कश्मीर को भारी क्षति पहुंची है।
राष्ट्रपति मुखर्जी ने ट्वीट कर कहा, “जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मुहम्मद सईद के निधन पर बेहद दुख हो रहा है।”
उन्होंने यह भी कहा कि जम्मू एवं कश्मीर और भारत के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
राष्ट्रपति ने एक अन्य ट्वीट में लिखा, “जम्मू एवं कश्मीर में मुफ्ती मुहम्मद सईद के योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा।”
वहीं, प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सईद के निधन से देश को भारी क्षति हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी मुफ्ती को श्रद्धांजलि देने पालम हवाईअड्डे पहुंचे। इस दौरान उनके साथ गृहमंत्री राजनाथ सिंह भी थे। यहीं से उनके पार्थिव शरीर को श्रीनगर ले जाया जाना था।
मोदी ने ट्वीट कर कहा, “मुफ्ती साहब के निधन से देश और जम्मू एवं कश्मीर को भारी क्षति हुई है, उनके अनुकरणीय नेतृत्व से लोगों के जीवन पर व्यापक प्रभाव पड़ा है।”
उन्होंने कहा, “अपने लंबे राजनीतिक जीवन में उनके कई प्रशंसक रहे। मुफ्ती साहब ने अपने नेतृत्व के जरिए जम्मू एवं कश्मीर के लोगों का दुख कम किया। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति हमारी संवेदना है।”
dharmpath.com dharmpath