बीजिंग, 3 जून (आईएएनएस)। मेक्सिको के पूर्व राष्ट्रपति विसेंट फॉक्स ने अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के संभावित उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप को बहस की चुनौती दी है।
पोलिटिको की रिपोर्ट के मुताबिक, न्यूयॉर्क के डब्ल्यूएबीसी रेडियो पर गुरुवार को एक साक्षात्कार में फॉक्स ने कहा, “मैं अमेरिका के राष्ट्रपति पद के लिए रिपब्लिकन पार्टी के लगभग तय उम्मीदवार माने जा रहे डोनाल्ड ट्रंप के साथ बहस करना पसंद करूंगा।”
फॉक्स ने कहा, “एक शर्त है..यह बहस मेक्सिको में ही होनी चाहिए..क्योंकि मैं चाहता हूं कि वह देखें कि मेक्सिको है क्या, हम मेक्सिकोवासी कैसे हैं। मेक्सिको के बारे में उनका नजरिया बदल जाएगा।”
लेकिन, कुछ क्षणों बाद मेक्सिको के पूर्व राष्ट्रपति ने मेक्सिको में बहस की जरूरत पर अपना रुख नरम करते हुए कहा कि वह उनसे अमेरिका में ही मिलने को तैयार हैं, लेकिन यह मैनहटन के व्यापारी (ट्रंप) पर निर्भर करता है।
ट्रंप को ‘फर्जी पैगंबर’ करार देने वाले फॉक्स ने कहा कि उन्होंने कभी ट्रंप से बात नहीं की, लेकिन उन्हें उम्मीद है कि अगर वह उनसे सीधी बातचीत करेंगे तो वह उनके साथ एक दयालु नेता का नजरिया अपना सकते हैं।
मेक्सिको के प्रवासियों को ट्रंप द्वारा ‘अपराधी’ व ‘दुष्कर्मी’ कहे जाने के बाद उनकी बेहद आलोचना हुई है। ट्रंप ने यह भी कहा कि मेक्सिको के लोगों को अमेरिका में दाखिल होने से रोकने के लिए वह एक कंक्रीट की दीवार बनाएंगे।
dharmpath.com dharmpath