मेड्रिड में कभी नहीं जाएंगे नेमार : पिके

बार्सिलोना, 29 फरवरी (आईएएनएस)। स्पेन के फुटबाल क्लब बार्सिलोना के खिलाड़ी जेर्राड पिके इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि उनके साथी खिलाड़ी नेमार बार्सिलोना को छोड़कर रियल मेड्रिड में नहीं जाएंगे।

ब्राजील के नेमार को अभी भी क्लब के साथ अपना अनुबंध बढ़ाना है जिसके कारण ऐसी अटकलें हैं कि वह मेड्रिड जा सकते हैं।

मेड्रिड के खिलाड़ी रोबेटरे कार्लोस ने हाल ही में कहा था कि वह नेमार को मेड्रिड में ला सकते हैं।

वेबसाइट ‘गोल डॉट कॉम’ ने रविवार को पिके के हवाले से लिखा है, “मैं दावे के साथ कह सकता हूं कि नेमार कभी भी मेड्रिड में नहीं जाएंगे। वह बार्सिलोना को काफी पसंद करते हैं। मुझे लगता है कि वह बार्सिलोना में काफी सालों तक टिके रहेंगे।”

पिके ने अपने भविष्य के बारे में भी कहा कि वह करियर के अंत में किसी और लीग में जा सकते हैं लेकिन मैनचेस्टर सिटी के साथ जुड़ने की बात को उन्होंने खारिज किया है।

उन्होंने कहा, “मैं भविष्य में अपने करियर के अंत में किसी और लीग में खेल सकता हूं। हो सकता है अमेरिका में, लेकिन आगे क्या होगा कोई नहीं जानता।”

उन्होंने कहा, “मैं सिटी से ज्यादा अपने पुराने क्लब मैनचेस्टर युनाइटेड को पसंद करता हूं। इसलिए मैं सिटी नहीं जा सकता।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493