मेरी भूमिका अब रिटायर होने की : सोनिया (लीड-1)

नई दिल्ली, 15 दिसम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने शुक्रवार को कहा कि यह उनके रिटायर होने का समय है। इसके बाद उनके भविष्य को लेकर कयास लगाए जाने लगे हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी ने सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा कि वह केवल पार्टी अध्यक्ष के पद से रिटायर हो रही हैं, न कि राजनीति से।

सोनिया गांधी से समाचार चैनल ‘एनडीटीवी’ द्वारा यह पूछे जाने पर कि क्या वह कांग्रेस संसदीय पार्टी की अध्यक्ष बनी रहेंगी और आगे उनकी भूमिका क्या होगी? उन्होंने कहा, “अब मेरी भूमिका रिटायर होने की है।”

सोनिया गांधी ने आगे कहा कि उनका बेटा राहुल पिछले तीन वर्षो से राजनीति में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

यह अभी स्पष्ट नहीं है कि ऐसा कहने का सोनिया गांधी का क्या मतलब था। वह राजनीति से पूरी तरह रिटायर हो रहीं है या फिर लोकसभा से?

सोनिया गत 19 वर्षो से कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष रही हैं। राहुल गांधी सोमवार को निर्विरोध कांग्रेस अध्यक्ष चुने गए थे और वह शनिवार से अपनी नई पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।

कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, “मैं मीडिया के अपने दोस्तों से इशारों पर भरोसा नहीं करने का आग्रह करता हूं। सोनिया गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस से रिटायर हुई हैं, राजनीति से नहीं। वह अपने आशीर्वाद, अक्लमंदी और कांग्रेस की विचारधारा के प्रति स्वाभाविक प्रतिबद्धता से हमेशा हमारा मार्गदर्शन करेंगी।”

सोनिया गांधी पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रही हैं और गुजरात व हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में उन्होंने प्रचार भी नहीं किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493