कोलकाता-पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर में एक निजी मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस छात्रा के साथ कथित गैंगरेप की घटना ने पूरे राज्य में हड़कंप मचा दिया है. भाजपा समेत कई राजनीतिक दलों ने इस घटना को लेकर राज्य की ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साधा है. घटना के बाद मुख्यमंत्री और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के उस बयान ने विवाद खड़ा कर दिया है, जिसमें उन्होंने कहा कि निजी मेडिकल कॉलेजों से अपेक्षा की जाती है कि रात में लड़कियों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाए.
भाजपा ने ममता के बयान को असंवेदनशील और पीड़िता को दोषी ठहराने वाला करार दिया है. वहीं, सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया है कि उनके बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि आप मुझसे एक सवाल पूछते हैं, और जब मैं जवाब देती हूं तो मेरे शब्दों को तोड़-मरोड़कर पेश किया जाता है और संदर्भ से बाहर ले जाया जाता है. उन्होंने कहा कि मेरे साथ यह घटिया राजनीति न करें. दूसरों के विपरीत, मुझमें आपसे मिलने और सीधे बात करने की शालीनता है. दूसरे तो बस पहले से तय सवालों का जवाब देते हैं.
इससे पहले टीएमएस प्रमुख ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस घटना की निंदा की. ममता बनर्जी ने लिखा कि दुर्गापुर की घटना से मैं स्तब्ध हूं. बंगाल में महिलाओं के खिलाफ किसी भी अपराध को अत्यंत गंभीरता से लिया जाता है. पीड़िता एक निजी मेडिकल कॉलेज की छात्रा थी. जांच जारी है और पुलिस सक्रिय रूप से इसमें शामिल सभी लोगों की तलाश कर रही है. किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा. दोषी पाए जाने वालों को सजा दी जाएगी. लड़की के बयान के आधार पर तीन लोगों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.
dharmpath.com dharmpath