बारासात (पश्चिम बंगाल), 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के कदमबागची में स्थित निजी खेल अकादमी में पहुंचे दिग्गज फुटबाल खिलाड़ी डिएगो माराडोना ने मंगलवार को कहा कि वह यहां फुटबाल के लिए आए हैं।
माराडोना ने अकादमी में स्कूल के बच्चों के साथ कुछ समय भी बिताया और उनके साथ काफी बातें की।
इस दौरान, माराडोना ने अपने फुटबाल कौशल की कुछ झलकियां भी खिलाड़ियों को दिखाईं।
कोलकाता से 30 किलोमीटर दूर स्थित यह अकादमी अर्जेटीना के दिग्गज के स्वागत के लिए उतनी अच्छी नहीं थी, क्योंकि यहां आयोजकों के पास अधिक सुविधाएं वहीं थी। हालांकि, यहां के बच्चों के साथ बात करने और समय बिताने के लिए माराडोना ने भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली के साथ ‘मैच फॉर यूनिटी’ का मैच छोड़ दिया।
भारत में तीन दिवसीय दौरे के लिए आए माराडोना ने कहा, “मैं यहां फुटबाल के लिए आया हूं। यह एक बड़ा कदम है, जिसके लिए हमें मंत्री से बात करनी चाहिए। इससे भारत में फुटबाल के खेल का विकास होगा।”
अर्जेटीना के 57 वर्षीय पूर्व फुटबाल खिलाड़ी ने कहा, “भारत के पास सच में अच्छे खिलाड़ी हैं और एक फुटबाल स्कूल भी। हमें और आपके मंत्री को इस धारणा को रोकना चाहिए कि फुटबाल को भारत की और भारत को फुटबाल की जरूरत है। मंत्री और लोगों के साथ मिलकर हम फुटबाल के खेल का विकास कर सकते हैं। भारत में हमेशा मेरा अच्छा स्वागत हुआ है।”
अकादमी में माराडोना की एक झलक को देखने आए 6,000 लोग ‘डिएगो-डिएगो’ के नारे लगा रहे थे।
कोलकाता में माराडोना का यह दूसरा दौरा है। इससे पहले वह दिसम्बर, 2008 में कोलकाता आए थे।
dharmpath.com dharmpath