मैक्लम ने टेस्ट मैचों में लगाया 100वां छक्का (लीड-1)

डुनेडिन, 13 दिसम्बर (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के कप्तान ब्रेंडन मैक्लम ने रविवार को श्रीलंका के साथ जारी पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन रविवार को टेस्ट मैचो में अपना 100वां छक्का लगाया। वह इस मुकाम पर पहुंचने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं।

मैक्लम ने अपने करियर के 98वें टेस्ट मैच में यह मुकाम हासिल किया है जबकि आस्ट्रेलिया के एडम गिलक्रिस्ट ने 96 टेस्ट मैचों में 100 छक्के लगाए हैं। इन दोनों के अलावा वेस्टइंडीज के क्रिस गेल अब तक 98 छक्के लगा चुके हैं।

गिलक्रिस्ट क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं लेकिन गेल अभी भी सक्रिय हैं। दक्षिण अफ्रीका के जैक्स कैलिस ने 97 और भारत के वीरेंद्र सहवाग ने 91 छक्के लगाए हैं। सहवाग और कैलिस भी रिटायर हो चुके हैं।

मजेदार बात यह है कि गिलक्रिस्ट ने श्रीलंका के स्टार स्पिनर मुथैया मुरलीधरन के ओवर में लगातार दो छक्कों के साथ 100वां छक्का पूरा किया था जबकि मैक्लम ने श्रीलंका के ही रंगना हेराथ के ओवर में लगातार दो छक्कों के साथ छक्कों का सैकड़ा पूरा किया।

गिलक्रिस्ट ने हालांकि मैक्लम की तुलना में काफी तेजी से 100वां छक्का लगाया। मैक्लम ने 9756 गेंदों का सामना करने के बाद छक्कों का सैकड़ा बनाया जबकि गिलक्रिस्ट ने सिर्फ 6796 गेंदों पर यह मुकाम हासिल किया है।

गिलक्रिस्ट ने हर 68वीं गेंद के बाद टेस्ट मैचों में छक्का लगाया है जबकि मैक्लम ने 98वीं गेंद के बाद ऐसा किया है। गेल ने 123, कैलिस ने 298 और सहवाग ने 115वीं गेंद के बाद छक्का लगाया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493