पेरिस, 24 मई (आईएएनएस)। ब्रिटेन में मैनचेस्टर हमले के मद्देनजर फ्रांस में एक बार फिर सुरक्षा चिंता बढ़ गई है, जिसने फ्रांस सरकार को किसी भी संभावित आतंकी हमले को नाकाम करने के लिए सुरक्षा मजबूत करने पर मजबूर कर दिया है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, मैनचेस्टर शहर में एक कॉन्सर्ट में आतंकवादी हमले में 22 लोगों के मरने के बाद मंगलवार को फ्रांस के आंतरिक मामलों के मंत्री जेरार्ड कोलंब ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए देश की खुफिया सेवाओं के प्रमुखों से मुलाकात की।
कोलंब ने कहा, “मैनचेस्टर हमले से पता चलता है कि हमारे महाद्वीप के सभी देशों को काफी खतरा है, लेकिन आतंकवाद के खिलाफ हम हार नहीं मानेंगे। फ्रांस की रक्षा के लिए हर संभव प्रयास किए गए हैं।”
मंत्री ने कहा कि खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजकों को सुरक्षा मजबूत करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि हमारे नागरिकों की सुरक्षा हर जगह सुनिश्चित हो सके।
इससे पहले फ्रांस के प्रधानमंत्री एडुअर्ड फिलिपी ने पेरिस में सबसे कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले के बाद एक साल से अधिक समय बीतने के बाद दोबारा ऐसे हमले की आशंका के मद्देनजर सतर्कता बढ़ाने का आह्वान किया है।
सीरिया, इराक और साहेल क्षेत्र में फ्रांस के सैन्य हस्तक्षेप के कारण संभावित आतंकी हमलों को लेकर फ्रांस हाई अलर्ट पर है।
dharmpath.com dharmpath