भोपाल, 15 नवंबर (आईएएनएस)। जनता दल (युनाइटेड) की मध्यप्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष गोविंद यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा कांग्रेस काल में लागू किए गए आपातकाल के जिक्र पर तंज कसते हुए कहा कि मोदी यह भी बताएं कि कितने और किस दल के लोग माफी मांगकर जेल से छूटे थे।
यादव ने मंगलवार को एक बयान जारी कर कहा, “प्रधानमंत्री मोदी ने आठ नबंवर को कालेधन, भ्रष्टाचार, आतंकवाद, जाली नोट के खात्मे के लिए 500-1,000 रुपये के नोटों को बंद करने की बात कहकर देश में आर्थिक आपातकाल लगा दिया है।”
यादव ने कहा, “मोदी ने गाजीपुर की आमसभा में कांग्रेस के आपातकाल का जिक्र करते हुए पचास दिन मांगे हैं, मोदी को यह भी बताना चाहिए कि उस दौरान जेल गए लोगों में से कितने लोग माफी मांग कर छूटे थे और वह किस दल के थे। मोदी बताएंगे भी कैसे, क्योंकि ये लोग उन्हीं के दल के थे।”
उन्होंने ने कहा, “भारतीय संविधान के अनुच्छेद 14 में विधि के समक्ष समता का अधिकार है, जिसके अनुसार राज्य, भारत के राज्य क्षेत्र में किसी व्यक्ति को विधि के समक्ष समता से अन्य विधियों से समान संरक्षण से वंचित नहीं करेगा।”
यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की नोटबंदी की घोषणा से देश की 80 प्रतिशत अर्थव्यवस्था के व्यापार पर अघोषित तौर पर आर्थिक आपातकाल लागू कर दिया है, जबकि 20 प्रतिशत कारोबारी जो बैंकिग अर्थव्यवस्था से चलते हैं, सिर्फ उन्हें कारोबार की स्वतंत्रता मिली है।
यादव ने कहा कि देश में संवैधानिक संकट खड़ा हो गया है और देश की 80 प्रतिशत आबादी अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित है। इन हालात के चलते देश गृहयुद्ध की ओर बढ़ रहा है। इन हालात में राष्ट्रपति को हस्तक्षेप करके आम नागरिक के संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना चाहिए।
dharmpath.com dharmpath