मोदी उद्योगपतियों का कर्ज उतारने में व्यस्त : राहुल

जौनपुर(उत्तर प्रदेश), 10 सितम्बर (आईएएनएस)। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उन व्यापारियों का कर्ज उतारने में व्यस्त हैं, जिन्होंने उन्हें चुनाव प्रचार के लिए पैसा दिया था। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों के कर्ज के बारे में मोदी की रुचि सबसे कम है।

राहुल ने भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार पर आरोप लगाया कि सरकार को देश के किसानों की दयनीय स्थिति को लेकर चिंता नहीं है।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान मोदी द्वारा किए गए वादों पर निशाना साधते हुए कहा, “यदि हमारी सरकार सत्ता में आएगी तो हमलोग किसानों का कर्ज माफ कर देंगे।”

राहुल गांधी ने लोगों से पूछा कि क्या उनके बैंक खातों में 15 लाख रुपये पहुंच गए? जब जनसभा में पहुंचे लोगों ने कहा-‘नहीं’ तो इसके बाद उन्होंने कहा -वास्तव में 15 लाख रुपये का सूट प्रधानमंत्री पहनते हैं।

इसके पहले अंबेडकरनगर के मालीपुर में कांग्रेस नेता ने राज्य की समाजवादी पार्टी (सपा) की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि एक तरफ तो राज्य के बहुत सारे इलाकों में बिजली ही नहीं है और दूसरी ओर राज्य की जनता को बढ़ा हुआ बिजली का बिल मिल रहा है।

राहुल गांधी ने सभी को समृद्धि के मार्ग पर ले जाने का वादा करते हुए कहा कि यदि लोग चाहते हैं कि समृद्धि आए तो उन्हें कांग्रेस को वोट देना चाहिए।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने अपनी किसान महायात्रा के पांचवें दिन की शुरुआत टांडा स्थित एनटीपीसी के अतिथि गृह से की और उसके बाद वह मालीपुर गए, जहां कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद से वह मिले।

कार्यक्रम के अनुसार उन्हें शनिवार को अंबेडकरनगर, जौनपुर की यात्रा पूरी करनी है और उसके बाद समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र आजमगढ़ पहुंचना है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बकरीद के कारण सोमवार और मंगलवार दो दिन यात्रा नहीं होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493