मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस की मुंबई इकाई के अध्यक्ष संजय निरूपम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नोटबंदी से संबंधित 70 लोगों की मौत का जिम्मेदार बताया और मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के कारण करोड़ों लोग आज सड़कों पर खड़े हैं और उनके पास खाना, दवा या दैनिक जीवन की किसी अन्य सामग्री को खरीदने के लिए पैसे नहीं हैं।
निरूपम ने कहा, “पिछले कई दिनों से लोग लंबी-लंबी कतारों में खड़े हैं और पुराने नोटों को जमा करने तथा नए नोटों को निकालने के लिए इंतजार कर रहे हैं। अब तक 70 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।”
उन्होंने कहा, “इन मौतों के लिए केवल एक आदमी जिम्मेदार है, और वह हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। मैं मांग करता हूं कि उन्हें इन मौतों का जिम्मेदार ठहराया जाए और उनके खिलाफ हत्या के लिए धारा 302 के तहत मामला दर्ज होना चाहिए।”
नोटबंदी के बाद मुंबई में लोगों की राय जानने के लिए कांग्रेस पार्टी द्वारा मंगलवार को शुरू की गई ‘नोट पे चर्चा’ कार्यक्रम के दौरान संजय निरूपम संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे।
इस दौरान, बैंक के बाहर कतारों में खड़े लोगों सहित सैकड़ों लोगों ने अपनी पीड़ा बयां की।
कुछ लोगों ने शिकायत की कि उनके पास दो हजार के नोट हैं, लेकिन उन्हें उसका छुट्टा नहीं मिल रहा।
निरूपम ने कहा कि अब तक पांच लाख करोड़ रुपये बैंक में जमा कराए जा चुके हैं, लेकिन लोग इस रकम का केवल 25 फीसदी निकालने में ही सक्षम हैं, जिसके कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
उन्होंने कहा, “अचानक नोटबंदी से पहले सरकार को पर्याप्त तैयारी करनी चाहिए थी। अब लोगों को परेशानी हो रही है। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) को लोगों को तत्काल अधिक से अधिक मुद्रा का वितरण करना चाहिए। अचानक नोटबंदी से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।”
उन्होंने कहा कि इसके अलावा, व्यापार व वाणिज्य भी बर्बादी के करार पर हैं, क्योंकि आधारभूत चीजों को खरीदने के लिए लोगों के पास पैसे ही नहीं हैं। होटल, रेस्तरां, दुकान, मॉल, सिनेमा हॉल सहित अर्थव्यवस्था के अन्य क्षेत्रों के व्यापार में 70-80 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है।
dharmpath.com dharmpath