नई दिल्ली, 23 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का गुरुवार को दो सांस्कृतिक कार्यक्रमों ‘अभिनंदन’ और ‘अभिव्यक्ति’ के साथ रूस में स्वागत होगा।
यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार, ‘अभिनंदन’ में रूसी कलाकार भारतीय कलात्मक-क्रियाकलापों यानी आर्ट फॉर्म (क्लासिकल एवं लोक नृत्य) पर प्रस्तुति देंगे। यह रूस में भारत की सांस्कृतिक परंपराओं की लोकप्रियता और सांस्कृतिक समझ के महत्व को प्रदर्शित करेगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, ‘अभिनंदन’ में रूसी कलाकारों द्वारा भारत की प्रदर्शन कला, परंपराओं को आत्मसात करने को चित्रित करने का प्रयास किया जाएगा। ‘अभिनंदन’ एक श्लोक गायन और रूसी ब्रह्मकुमारियों द्वारा वन्दे मातरम की रचनात्मक प्रस्तुति के साथ शुरू होगा। इसके बाद संक्षिप्त तौर पर कुचिपुड़ी, कथक और डांडिया रास भी प्रस्तुत किया जाएगा।
बयान के अनुसार, कार्यक्रम का समापन मंच पर सभी कलाकारों द्वारा लता मंगेशकर द्वारा गाई गई अटल बिहारी वाजपेयी की कविता ‘गीत नया गाता हूं’ की संगीतमय प्रस्तुति के साथ होगा।
बयान में कहा गया है कि ‘अभिनंदन’ में 52 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस प्रस्तुति का महत्व यह है कि ये अटल जी के जन्मदिन की पूर्व संध्या पर होगी।
बयान के अनुसार, अभिव्यक्ति रूसी कलाकारों एवं कुछ उत्साही लोगों द्वारा भारतीय परंपराओं, इतिहास एवं संस्कृति की सभी भारतीयों एवं विदेशों में भारत के शुभचिंतकों के मन में बनी और दिल से प्रतिध्वनित होने वाली मुखर एवं प्रमाणिक छवि को प्रदर्शित करने का प्रयास है।
बयान में कहा गया है कि यह भारत और रूस के लोगों के बीच पहले से मौजूद भाईचारे और सौहाद्र्र की भावना को प्रतिबिंबित करती है।
बयान के अनुसार, ‘अभिव्यक्ति’ सद्भावना के प्रकटीकरण को समर्पित है और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ के हमारे दर्शन को प्रस्तुत करता है, जो समूचे विश्व के साथ हमारे संबंधों की विशेषता है।
बयान में कहा गया है कि ‘अभिव्यक्ति’ में 100 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसमें मुख्यतया नमस्कारम, चारिष्णु, भरत नाट्यम, रूद्र पंडत्तम, खोरिया, लावणी और कलिना ताल का प्रदर्शन होगा।
dharmpath.com dharmpath