रांगिया (असम), 8 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को असम के लोगों से गुजारिश की कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लिए निर्णायक मतदान करें, वर्ना त्रिशंकु विधानसभा से राज्य को नुकसान होगा।
कामरूप जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा और उसके सहयोगी इस राज्य में एक बहुमत की सरकार बनाना चाहते हैं।
उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा, “कुछ लोग असम में त्रिशंकु विधानसभा का इंतजार कर रहे हैं। वे असम को दिल्ली से रिमोट कंट्रोल के माध्यम से चलाना चाहते हैं। इसलिए सुनिश्चित करें कि भाजपा और उसके सहयोगियों को पूर्ण बहुमत मिले।”
मोदी ने कांग्रेस पर सत्ता में आने के लिए बांग्लादेशी वोट बैंक खड़ा करने का आरोप लगाते हुए कहा, “असम के लोगों ने पिछले 15 साल से कांग्रेस की मदद की है। लेकिन पार्टी अपने बांग्लादेशी वोट बैंक और वंशवादी राजनीति से आगे नहीं बढ़ी और राज्य को बरबाद कर दिया।”
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत-बांग्लादेश सीमा की बाड़बंदी उनकी मुख्य प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार न सिर्फ अवैध बांग्लादेशियों को रोकेगी, बल्कि असम में जो अवैध बांग्लादेशी रह रहे हैं, उन्हें भी वापस भेजेगी।
उन्होंने सऊदी अरब द्वारा उन्हें सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार दिए जाने पर कांग्रेस पर चुटकी लेते हुए कहा, “मैं समझ सकता हूं कि कुछ देश नहीं चाहते कि भारत के अन्य देशों के साथ संबंध सुधरें। लेकिन यहां क्यों कुछ लोगों के पेट में दर्द होता है। यह किस तरह का राष्ट्रवाद है?”
इससे पहले नागांव जिले के राहा में एक रैली में प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले चरण में हुए भारी मतदान के बाद असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई के चेहरे की हंसी गायब हो गई है। और कांग्रेस नेता पार्टी को हार से नहीं बचा सके।
यहां दूसरे और अंतिम दौर का मतदान सोमवार को होना है। असम की 61 विधानसभा सीटों के लिए सोमवार को दूसरे और आखिरी चरण का मतदान होगा।
मोदी शुक्रवार को यहां पहुंचे। गुवाहाटी स्थित कामख्या मंदिर में दर्शन के बाद रैली को हिन्दी में संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, “मैं पहले चरण के मतदान में बड़ी संख्या में वोट डालने के लिए असम की जनता को धन्यवाद देता हूं।”
उन्होंने कहा, “आपने गौर किया होगा कि पहले चरण के मतदान के बाद असम के मुख्यमंत्री ने मुस्कराना बंद कर दिया है। अब वह दिल्ली से कांग्रेस नेताओं को उन्हें बचाने के लिए बुला रहे हैं।”
उन्होंने 2014 के आम चुनाव का हवाला देते हुए कहा, “लेकिन वे (कांग्रेस नेतृत्व) भला गोगोईजी को कैसे बचा पाएंगे, जो दिल्ली को बचा नहीं पाए?”
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “कांग्रेस नेताओं को केवल अपने बेटे-बेटियों की चिंता है।”
उन्होंने कहा कि वे सरकार बदलने के लिए लोगों की मदद मांगने आए हैं।
मोदी ने कहा कि उन्होंने भारत में कोई दूसरा राज्य नहीं देखा, जहां उनके दावे के मुताबिक सारी आबादी गरीबी रेखा के नीचे (बीपीएल) हैं।
उन्होंने कहा, “देश में कई राज्य हैं, जहां 20-30 प्रतिशत आबादी गरीबी रेखा के नीचे रहती है। लेकिन असम में कांग्रेस ने राज्य की पूरी आबादी को गरीब बना दिया है।”
असम के लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि नए साल में प्रदेश में नई सरकार का गठन होना चाहिए।
राज्य में चार अप्रैल को हुए प्रथम चरण के मतदान में 65 विधानसभा सीटों के लिए वोट पड़े। इस दौरान 82.20 फीसदी मतदान हुआ।
dharmpath.com dharmpath