मोदी ने बिहार के लिए की विशेष पैकेज की घोषणा (लीड-3)

आरा/पटना, 18 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को बिहार के लिए 1़ 25 लाख करोड़ रुपये के विशेष पैकेज की घोषणा की और कहा कि इस पैकेज में से 54 करोड़ रुपये राष्ट्रीय राजमार्गो के विकास पर खर्च किया जाना है। उन्होंने एक बार फिर बिहार को ‘बीमारू राज्य’ बताया और कहा कि अगर राज्य बीमार नहीं है तो केंद्र से पैसा क्यों मांगा जा रहा है।

उन्होंने कहा, “बीमार ही डाक्टर के पास जाता है न?”

मोदी के भाषण के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) अध्यक्ष लालू प्रसाद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री पर तंज कसा और नसीहत दी।

प्रधानमंत्री ने अपने एक दिवसीय बिहार दौरे के दौरान आरा में यह घोषणा ऐसे समय में की है, जब अक्टूबर-नवंबर में राज्य विधानसभा का चुनाव होना है।

प्रधानमंत्री ने आरा के रमना मैदान में आयोजित एक कार्यक्रम में इस पैकेज की घोषणा करते हुए कहा कि इस पैकेज से बिहार का भाग्य बदलेगा।

मोदी ने कहा कि उन्होंने लोकसभा चुनाव के दौरान बिहार को 50 हजार करोड़ रुपये का पैकेज देने का वादा किया था, जिसे वीर कुंवर सिंह की धरती पर पूरा किया।

उन्होंने बिहार सरकार पर आरोप लगाया कि पूर्व में मिले दो पैकेजों की राशि खर्च नहीं की गई। अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार ने बिहार को 10 हजार करोड़ रुपये तथा उसके बाद की सरकार ने 12 हजार करोड़ रुपये का पैकेज दिया था। उन्होंने कहा कि अब तक इन पैकेजों के आठ हजार करोड़ रुपये खर्च नहीं किए गए।

मोदी ने लोगों से कहा, “आप मुझे आशीर्वाद दीजिए, 125 करोड़ रुपये से बिहार का भाग्य बदलूंगा।”

प्रधानमंत्री ने कहा, “बिहार में जो विकास कार्य हो रहे हैं, अगर उनको भी जोड़ दूं तो बिहार को 1,65,000 करोड़ रुपये केंद्र सरकार से मिले हैं। वर्तमान समय में 40,657 करोड़ रुपये का काम हो रहा है।”

मोदी ने इस मौके पर 9700 करोड़ रुपये लागत की 11 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान प्रधानमंत्री ने कौशल विकास योजना के अंतर्गत 22 कौशल विकास केंद्रों के प्रथम चरण का उद्घाटन और क्षेत्रीय महिला व्यावसायिक प्रशिक्षण संस्थान का भी शिलान्यास किया।

इससे पहले, नई दिल्ली से पटना पहुंचे मोदी का मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने स्वागत किया।

उधर, बिहार के लिए विषेष पैकेज की घोषणा पर नीतीश कुमार और लालू प्रसाद ने मोदी पर तंज कसा और उन्हें नसीहत दी।

लालू ने ट्वीट किया, “केंद्र सरकार को विशेष राज्य का दर्जा देने और विशेष पैकेज देने के बीच का अंतर समझना चाहिए।”

लालू ने कहा कि मोदी ने डेढ़ साल पहले बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने का वादा किया था, लेकिन इसे विशेष पैकेज की आड़ में दबाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक ट्वीट में कहा, “बिहार को विशेष सहायता दिलाने के मेरे प्रयासों को मोदी जी द्वारा याचना बताने पर मुझे इतना ही कहना है कि बिहार और बिहार की जनता के लिए अगर मुझे बार-बार याचक के तौर पर किसी के दरवाजे पर जाना पड़े तो इसमें मुझे कोई संकोच नहीं।”

घोषित सवा लाख करोड़ रुपये के पैकेज में से सबसे अधिक राशि करीब 54 हजार करोड़ रुपये राष्ट्रीय राजमार्गो के विकास पर खर्च की जाएगी, जबकि लगभग 21 हजार करोड़ रुपये पेट्रोलियम एवं गैस क्षेत्र पर खर्च होगी।

इस पैकेज की राशि का इस्तेमाल कृषि, शिक्षा, बिजली, रेलवे, हवाईअड्डों, स्वास्थ्य, पर्यटन और कौशल विकास समेत कई विकास योजनाओं पर खर्च की जाएगी।

इसके अलावा अनाज भंडारण क्षमता में विकास के लिए 814 करोड़ तथा ग्रामीण सड़क के विकास के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के लिए 13,820 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इस पैकेज में रेलवे के क्षेत्र में कुल 88़ 70 करोड़ रुपये खर्च किए जाो का प्रावधान किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493