मोदी ने राहुल को कांग्रेस अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी

नई दिल्ली, 11 दिसम्बर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने धुर राजनीतिक विरोधी राहुल गांधी को कांग्रेस के नए अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई दी और उनके फलदायक कार्यकाल की कामना की।

मोदी ने ट्वीट किया- “मैं राहुल जी को कांग्रेस का अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देता हूं। उनके फलप्रद कार्यकाल के लिए मेरी शुभकामना है।”

तीन बार सांसद चुने गए 47 वर्षीय राहुल गांधी एक सौ तीस साल से ज्यादा पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की कमान थामने वाले नेहरू-गांधी परिवार के सातवें वारिस होंगे। सबसे पहले इस परिवार से कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले मोतीलाल नेहरू थे। उनके पुत्र जवाहरलाल नेहरू एक से अधिक बार कांग्रेस के अध्यक्ष रहे।

पंडित जवाहरलाल नेहरू के प्रधानमंत्री रहते हुए ही इंदिरा गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनी थी। उन्होंने भी एक से अधिक बार कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभाला। उनके बाद राजीव गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बने।

वर्ष 1998 में कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद सोनिया गांधी का कार्यकाल बतौर कांग्रेस अध्यक्ष सबसे लंबा रहा है। राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी से कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करेंगे।

मोदी अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान लगातार राहुल गांधी की आलोचना करते रहे हैं। उन्होंने उनकी तुलना मुगल बादशाहों से भी की।

पिछले सप्ताह उन्होंने कहा था-“जब शाहजहां जहांगीर के बाद सत्ता में आए या औरंगजेब शाहजहां के बाद सत्ता में आए तो क्या उसके लिए कोई चुनाव हुआ था?”

मोदी ने राहुल गांधी की तुलना अलोकप्रिय मुगल शासक करते हुए कहा, “मैं कांग्रेस को उनके औरंगजेब राज के लिए बधाई देता हूं।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493