हनोई, 3 सितम्बर (आईएएनएस)। वियतनाम दौरे को समेटते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव नगुएन फु ट्रोंग से मुलाकात की।
दोनों नेताओं की तस्वीरों के साथ ट्वीट करते हुए विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने कहा, “वियतनाम की कम्युनिस्ट पार्टी के महासचिव नगुएन फु ट्रोंग के साथ मुलाकात प्रधानमंत्री के इस प्रमुख दौरे का अंतिम कार्यक्रम था।”
सवेरे मोदी ने वियतनाम के प्रधानमंत्री नगुएन जुआन फुक के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता की। वार्ता के बाद द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को मजबूती से बढ़ावा देते हुए और द्विपक्षीय संबंधों को समग्र सामरिक भागीदारी में बढ़ाते हुए दोनों पक्षों ने 12 समझौते किए।
फुक ने प्रधानमंत्री के सम्मान में एक भोज दिया जिसके बाद मोदी ने कुआन सू पगोडा का दौरा किया जिसे राजदूत पगोडा भी कहा जाता है।
इसके बाद मोदी ने वियतनाम की राष्ट्रीय सभा की अध्यक्ष नगुएन थी किम नगान से मुलाकात की।
उन्होंने वियतनाम के राष्ट्रपति ट्रान दाई कुअंग से भी मुलाकात की। राष्ट्रपति ने भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ का समर्थन किया।
जी-20 शिखर सम्मेलन में शिरकत करने के लिए चीन दौरे से पहले मोदी शुक्रवार को वियतनाम पहुंचे थे। जी-20 सम्मेलन 4-5 सितम्बर को होगा।
साल 2001 में तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दौरे के बाद 15 वर्षो में भारतीय प्रधानमंत्री का पहला वियतनाम दौरा है।
dharmpath.com dharmpath