श्रीनगर, 12 जून (आईएएनएस)। कांग्रेस ने शुक्रवार को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और जम्मू एवं कश्मीर में मुफ्ती मोहम्मद सईद सरकार को सभी मोर्चो पर विफल बताया।
ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की अध्यक्ष शोभा ओझा ने 2014 के बाढ़ पीड़ितों के पुनर्वास में विफल रहने के लिए जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद को जिम्मेदार ठहराया।
शोभा ने पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सत्ताधारी गठबंधन पर आरोप लगाया कि वे “सिर्फ सत्ता का भोग रहे हैं। राज्य के लोगों की भलाई की इन्हें कोई परवाह ही नहीं है।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “यहां लोग हताशा महसूस कर रहे हैं। सरकार ने इन्हें जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया जा रहा। जब पीडीपी विपक्ष में थी तो इन्होंने बड़े-बड़े वादे किए थे।” उन्होंने कहा कि जम्मू एवं कश्मीर में भाजपा-पीडीपी के सत्ता में आने के बाद से यहां के लोग बेसहारा हो गए हैं।
इससे पहले, ओझा ने जम्मू एवं कश्मीर सरकार के खिलाफ आयोजित एक रैली का नेतृत्व किया और श्रीनगर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में महिलाओं के एक सम्मेलन को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि समाज का हर वर्ग राज्य सरकार और केंद्र की प्रधानमंत्री मोदी सरकार की नाकामी से निराश है।
ओझा ने कहा, “फिर चाहे जम्मू एवं कश्मीर के लिए राहत की बात हो, देश की सीमाओं की सुरक्षा, काले धन का मुद्दा, किसानों को मुआवाजा, यह सरकार हर मोर्चे पर असफल रही है।”
जम्मू क्षेत्र में वन भूमि मुद्दे पर उन्होंने कहा, “भाजपा एक सांप्रदायिक पार्टी के तौर पर जानी जाती है। इसने हमेशा फासीवादी ताकतों को बढ़ावा दिया है। यह हर तरफ से अल्पसंख्यक संगठन विरोधी बनी हुई है।”
उन्होंने कहा, “केंद्र सरकार का बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम सिर्फ एक छलावा है। देश का पैसा दिखावे की चीजों पर बर्बाद किया जा रहा है।”
dharmpath.com dharmpath