मोदी सरकार किसानों को सिर्फ गोली दे सकती है : राहुल

नीमच (मध्य प्रदेश), 8 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में पुलिस फायरिंग में मारे गए किसानों से मिलने जा रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को कहा कि मोदी सरकार किसानों को सिर्फ गोली दे सकती है।

गांधी गुरुवार को हवाई जहाज से राजस्थान के उदयपुर पहुंचने के बाद सड़क मार्ग से मंदसौर जा रहे थे, तभी रास्ते में निंबाड़ के पास उन्होंने मोटर साइकिल का सहारा लिया और नीमच की सीमा पर पहुंच गए।

राहुल गांधी ने पुलिस को खूब छकाया। झाड़ियों को लांघते हुए खेत में पहुंच गए। उसके बाद फिर सड़क पर आए तो वहां उन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया।

गांधी ने संवाददाताओं से कहा, ” केंद्र की मोदी सरकार देश के सबसे अमीरों के एक लाख 50 हजार करोड़ का कर्जा माफ कर सकती है मगर किसानों का नहीं। किसानों को फसल के सही दाम नहीं मिलते। बोनस नहीं दिया जाता और कर्ज की माफी नहीं होती।”

गांधी ने आरोप लगाया कि जो लोग राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की विचारधारा से मेल नहीं खाते हैं, उन्हें किसानों के प्रति शोक जताने भाजपा शासित राज्य में जाने नहीं दिया जाता है। मध्य प्रदेश की सरकार वही कर रही है, जो उत्तर प्रदेश सरकार ने मारे गए किसानों से मिलने जाते वक्त किया था।

राहुल गांधी ने आगे कहा, “किसान हिंदुस्तान के नागरिक हैं। मैं मंदसौर में किसानों से गले मिलने आया था मगर मुझे वहां नहीं जाने दिया गया।”

गांधी ने कहा कि पुलिस ने उन्हें बताया है कि आप आगे नहीं जा सकते हैं। आपको हिरासत में लिया जा रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493