मोदी सरकार देश की रक्षा में नाकाम : कांग्रेस

नई दिल्ली, 6 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस ने बुधवार को एक बार फिर पठानकोट में आतंकवादी हमले पर मोदी सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने कहा कि मोदी सरकार देश की रक्षा करने में नाकाम साबित हुई है।

कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री सुशील कुमार शिंदे ने कहा, “मोदी सरकार देश की हिफाजत में नाकाम रही है। अगर सरकार इसी तरह काम करती रही तो ‘अच्छे दिन’ के बजाए ऐसा लग रहा है कि हम अपना देश आतंकवादियों के हाथों खो बैठेंगे।”

शिंदे ने कहा, “मोदीजी कहा करते थे कि संप्रग सरकार के मंत्री पाकिस्तान को बिरयानी खिला रहे हैं। और अब? वह खुद नवाज शरीफ से मिलने गए। उन्होंने वहां क्या बात की? क्या कोई प्रेस बयान जारी हुआ? उन्होंने क्या बात की, इस पर हम अंधेरे में हैं।”

उन्होंने कहा कि राजग सरकार को पाकिस्तान को दो-टूक संदेश देना चाहिए कि आतंकी हमले बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। भारत, पाकिस्तान का दोस्त हो सकता है, लेकिन उस देश को आतंकवाद के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

शिंदे ने कहा कि जब कभी भी भारतीय जनता पार्टी सत्ता में आती है, आतंकवादी घटनाएं बढ़ जाती हैं।

उन्होंने कहा, “1999 में विमान आईसी-184 अगवा हो गया। तब के विदेश मंत्री आतंकियों को अपने साथ लेकर कंधार गए। राजग के पहले कार्यकाल में अपहरण हुए, लाल किले, जम्मू एवं कश्मीर विधानसभा और संसद पर हमले हुए। जब भी भाजपा सत्ता में आती है, आतंकवाद बढ़ जाता है।”

कांग्रेस नेता ने पठानकोट वायुसेना अड्डे पर त्वरित तलाशी अभियान के लिए सुरक्षा बलों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, “हमारे बहादुर सैनिकों के काम की प्रशंसा की जानी चाहिए।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493